बेगूसराय के शाहपुर गांव में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, पुलिस ने त्वरति कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार
बेगूसराय जिले के लाखो थाना क्षेत्र अंतर्गत लोदीपुर शाहपुर गांव में आपसी और जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर खून-खराबा हुआ। पुलिस ने त्वरति कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है
Begusarai : जिले लाखो थाना क्षेत्र के लोदीपुर शाहपुर गांव में दो पक्षों के बीच चल रहा पुराना आपसी विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते दोनों ओर से अंधाधुंध और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। इस हिंसक झड़प और गोलीबारी की घटना में एक गाड़ी का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर बेहद संगीन आरोप मढ़े हैं। पहले पक्ष का आरोप है कि गांव के ही कुछ रसूखदार और दबंग प्रवृत्ति के लोग 4 से 5 अज्ञात बदमाशों के साथ जबरन उनके घर में घुस आए और मोटी रंगदारी की मांग करने लगे। जब उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके परिवार को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन पुलिस ने उल्टा उनके ही पक्ष के अमरदीप कुमार को हिरासत में ले लिया है।
जमीन विवाद और सामान हटाने को लेकर दूसरे पक्ष का पलटवार
दूसरी तरफ, दूसरे पक्ष ने रंगदारी और घर में घुसकर हमला करने के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका दावा है कि असली विवाद जमीन पर रखे कुछ सामान को जबरन हटाने को लेकर शुरू हुआ था। आरोप है कि पहला पक्ष बिना किसी अधिकार के सामान हटाने का दबाव बना रहा था, जिसका विरोध करने पर पहले गाली-गलौज और मारपीट हुई और बाद में मामला खुलेआम गोलीबारी तक पहुंच गया। दूसरे पक्ष का कहना है कि इसी फायरिंग के दौरान उनकी गाड़ी के ड्राइवर को गोली लगी है।
घटनास्थल से भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और खोखा बरामद
गांव में सरेआम हुई इस भीषण गोलीबारी की सूचना मिलते ही लाखो थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया। पुलिस टीम ने जब शाहपूर गांव में वारदात वाली जगह की सघन घेराबंदी कर छानबीन शुरू की, तो वहां से दो गुटों के बीच हुई भीषण गोलीबारी के पुख्ता सबूत मिले। पुलिस ने घटनास्थल से 02 पीस जिंदा गोली और 08 पीस गोलियों के खोखे बरामद कर जब्त किए हैं। सरेआम हुई इस फायरिंग की वारदात से पूरे गांव के लोगों में दहशत और खौफ का माहौल व्याप्त हो गया था, जिसे पुलिस की त्वरित मौजूदगी ने शांत कराया।
अमरदीप और राहुल कुमार उर्फ संजीव कुमार गिरफ्तार
लाखो थाना पुलिस ने मामले में त्वरित विधिक कार्रवाई करते हुए इस घटना में संलिप्त दो मुख्य आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में पहला गौरव कुमार उर्फ अमरदीप कुमार (उम्र 41 वर्ष, पिता- रामबालक सिंह) तथा दूसरा राहुल कुमार उर्फ संजीव कुमार (पिता- पप्पू ठाकुर) शामिल है। ये दोनों आरोपी लाखो थाना क्षेत्र के इसी शाहपूर (लोदीपुर) गांव के रहने वाले हैं। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ कर रही है।
बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज
इस पूरी घटना के संदर्भ में लाखो थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से प्राप्त आवेदनों के आधार पर दो पृथक प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की है। पुलिस ने लाखो थाना कांड संख्या-88/26 और कांड संख्या-89/26 (दिनांक 10.06.2026) दर्ज की है। यह मामले भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2)/126(2)/109(1)/308(4)/351(2)/352/3(5) एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत पंजीकृत किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि कांड में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी जारी है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट