मामली विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प : लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले, 7 घायल
Supaul : जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही एनएच-27 स्थित मीट मार्केट में शुक्रवार शाम करीब 5 बजे दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते यह विवाद एक खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया, जिसमें लाठी-डंडे, पठा, ईंट-पत्थर, छूरा और दबिया सहित कई घातक व धारदार हथियारों का खुलकर इस्तेमाल किया गया। इस अचानक हुई भीषण मारपीट से एनएच-27 पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम हो गया।
सिनेमा हॉल की मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप
स्थानीय सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस खूनी संघर्ष की मुख्य वजह आगामी त्योहार बकरीद को लेकर उपजा एक विवाद था। बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात सिनेमा हॉल के पास दोनों पक्षों के कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हुई थी। उस वक्त तो मामला शांत हो गया, लेकिन उसी आपसी रंजिश और विवाद ने शुक्रवार की शाम हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोग भारी संख्या में हथियारों से लैस होकर आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर हमला बोल दिया।
हिंसक झड़प में महिला समेत 7 लोग हुए लहूलुहान
इस भीषण मारपीट और चाकूबाजी की घटना में दोनों पक्षों से कुल 7 लोग गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। घायलों की पहचान सिमराही नगर पंचायत वार्ड संख्या-9 धर्मपट्टी निवासी 17 वर्षीय मोहम्मद इजराइल, 35 वर्षीय मोहम्मद हसना, 55 वर्षीय मोहम्मद सतार, 50 वर्षीय बसीनम खातून, 35 वर्षीय जलाल उद्दीन, 28 वर्षीय मोहम्मद आजाद और 18 वर्षीय मोहम्मद अली के रूप में की गई है। घटना के दौरान बाजार में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी दुकानें बंद कर भागने लगे।
एक युवक की हालत नाजुक, सुपौल सदर अस्पताल रेफर
सभी घायलों को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तत्काल इलाज के लिए रेफरल अस्पताल, राघोपुर ले जाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. राहुल झा ने बताया कि कुल सात घायल (महिला एवं पुरुष) आपातकालीन वार्ड में लाए गए थे, जिनका त्वरित उपचार शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि घायल मोहम्मद हसना के शरीर पर गहरे जख्म होने के कारण उनकी स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई थी, जिसे देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस बल ने संभाला मोर्चा, थानाध्यक्ष ने कहा- जांच जारी
इधर, घटना के बाद से ही सिमराही और आसपास के इलाकों में सांप्रदायिक व सामाजिक तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना मिलने पर पुलिस पहले आई थी लेकिन स्थिति बिगड़ती देख लौट गई, हालांकि प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। वारदात के बाद भारी संख्या में पुलिस बल ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस पूरे घटनाक्रम पर पैनी नजर रख रही है, मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट