Shubhendu Adhikari PA: चुनाव के बाद बंगाल में बड़ी वारदात! शुभेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या

Shubhendu Adhikari PA: पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस बीच पुलिस जांच में जुट गई है।

Shubhendu Adhikari PA
बंगाल में बड़ा हमला! - फोटो : social media

Shubhendu Adhikari PA: पश्चिम बंगाल से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की बुधवार (6 मई 2026) की देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। यह घटना नॉर्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके के डोहरिया मोड़ पर हुई। बताया जा रहा है कि उस समय चंद्रनाथ रथ अपनी कार में बैठे हुए थे और अपने घर के पास ही मौजूद थे। तभी अचानक बाइक पर सवार कुछ हमलावर वहां पहुंचे।

हमलावरों ने पहले उनकी गाड़ी को रुकवाया और फिर लगातार तीन गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली सीधे उनके सीने में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले में उनके साथ मौजूद एक सुरक्षा गार्ड भी घायल हो गया। वहीं एक और व्यक्ति, जो उनके साथ था, उसे भी चोट लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ पिछले करीब 5 साल से शुभेंदु अधिकारी के साथ जुड़े हुए थे और उनके बेहद भरोसेमंद माने जाते थे। हाल ही में हुए चुनाव में भी उन्होंने प्रचार से जुड़े कई अहम काम संभाले थे।

घटना के बाद राजनीतिक हलचल

इस घटना के बाद अब इसे राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। चंद्रनाथ रथ की सक्रिय भूमिका और बड़े नेताओं से नजदीकी को देखते हुए इस मामले ने सियासी माहौल को भी गर्म कर दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचा जा सके। फिलहाल पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द पकड़ने की कोशिश जारी है।