शराबबंदी की धज्जियां! DTO ऑफिस में मिली शराब तो FIR दर्ज कराने सीएम सम्राट को लिखना पड़ा पत्र, Ex MLA की गुहार
Samrat chaudhry: बक्सर जिला परिवहन कार्यालय में शराब बरामदगी के मामले ने बिहार की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था में हलचल बढ़ा दी है। इस मामले को लेकर बक्सर के पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पूर्व विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि 14 मई 2026, शुक्रवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) कार्यालय में शराब बरामद होने की खबर विभिन्न मीडिया माध्यमों और समाचार पत्रों में प्रकाशित हुई थी। उन्होंने इसे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट शराबबंदी कानून की खुली अवहेलना बताया है।
मुन्ना तिवारी ने आरोप लगाया कि जब सरकारी कार्यालयों में ही शराब बरामद हो रही है, तो इससे बिहार की छवि राष्ट्रीय स्तर पर धूमिल हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जिला परिवहन पदाधिकारी और संबंधित कर्मियों के खिलाफ अविलंब नामजद प्राथमिकी दर्ज की जाए तथा उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
पूर्व विधायक ने पत्र में यह भी कहा है कि सीमावर्ती जिलों में शराब तस्करी और अवैध गतिविधियां अधिकारियों की मिलीभगत से संचालित हो रही हैं। उन्होंने मामले की जांच में कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के रूप में शामिल करने की मांग की है।
मुन्ना तिवारी ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों से एफआईआर की प्रति मांगने पर भी आनाकानी की जा रही है, जिससे मामले की लीपापोती की आशंका पैदा हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।
पत्र में उन्होंने यह भी लिखा कि नई सरकार को बदनाम करने के लिए जिले में कुछ कर्तव्यहीन अधिकारी सक्रिय हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की प्रशासनिक कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा निष्पक्ष और कड़े प्रशासक रहे हैं तथा बिहार को मजबूत करने की दिशा में काम करते रहे हैं। ऐसे में इस मामले में उनकी त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।