Agniveer : अग्निवीरों के लिए बड़ा फैसला, 4 साल की नौकरी के बाद मिलेगा 2 साल का सेवा विस्तार, 25 फीसदी को स्थायी कमीशन
Agniveer : दिवाली से पहले केंद्र सरकार ने अग्निवीरों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय कैबिनेट ने 'अग्निपथ' योजना के तहत अग्निवीरों के सेवा विस्तार को मंजूरी दे दी है।
New Delhi : दिवाली से ठीक पहले केंद्र सरकार ने भारतीय रक्षा बलों और युवाओं के हित में एक बेहद महत्वपूर्ण फैसला लिया है। केंद्रीय कैबिनेट ने 'अग्निपथ' योजना के तहत अग्निवीरों के सेवा कार्यकाल को 4 साल से बढ़ाकर 6 साल करने की मंजूरी दे दी है। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने इस फैसले की जानकारी देते हुए इसे भारतीय सशस्त्र बलों के लिए एक बड़ा और दूरगामी कदम बताया।
CDS जनरल सुब्रमणि ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि 14 जून 2022 को लागू की गई अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों के प्रदर्शन का लगातार मूल्यांकन किया जा रहा था। चूंकि पहला बैच अपना 4 साल का कार्यकाल पूरा करने के करीब है और उनके प्रदर्शन पर बहुत सकारात्मक फीडबैक मिला है, इसी आधार पर सरकार ने यह सेवा विस्तार का निर्णय लिया है।
नए प्रावधानों के तहत अग्निवीरों के पहले बैच से 25% जवानों को उनकी योग्यता के आधार पर सीधे नियमित सेना में स्थायी कमीशन प्रदान किया जाएगा। यह चयन पूरी तरह से पारदर्शिता और सेवा के दौरान उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर तय किया जाएगा। बाकी बचे 75% अग्निवीरों के लिए भी सरकार ने राहत भरा कदम उठाया है। पहले जिन्हें 4 साल बाद सेवामुक्त करने की योजना थी, अब उन्हें 2 साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार दिया जाएगा। इस विस्तारित कार्यकाल के दौरान जवानों को बढ़ा हुआ वेतन और अन्य भत्ते भी प्रदान किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त, 2 साल का विस्तारित कार्यकाल पूरा करने के बाद इच्छुक और योग्य जवानों को प्रदर्शन व तय चयन प्रक्रिया के माध्यम से एक बार फिर स्थायी सैनिक बनने का अवसर दिया जाएगा। सरकार के इस निर्णय से भारतीय सेना की परिचालन दक्षता और अनुभव दोनों को मजबूती मिलेगी।