CBSE Exam : सीबीएसई 12वीं परीक्षा अपडेट: कैलकुलेटर के इस्तेमाल को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस, एलओसी सुधार की आई अंतिम तारीख

CBSE Exam : सीबीएसई के 12वीं कक्षा के छात्रों को बोर्ड परीक्षाओं में कैलकुलेटर के उपयोग की अनुमति देने की मांग वाली याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने बुधवार को बोर्ड को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

CBSE Exam : सीबीएसई 12वीं परीक्षा अपडेट: कैलकुलेटर के इस्तेम
सीबीएसई को नोटिस - फोटो : SOCIAL MEDIA

New Delhi : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से जुड़े 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए दो बेहद महत्वपूर्ण और बड़ी जानकारियां सामने आई हैं। एक ओर जहां 12वीं की परीक्षाओं में कैलकुलेटर के इस्तेमाल की मांग को लेकर अदालत का रुख किया गया है, वहीं दूसरी ओर परीक्षा पंजीकरण (LOC) में सुधार करने की आखिरी तारीख नजदीक आ गई है।

एकाउंटेंसी की परीक्षा में कैलकुलेटर की मांग पर हाईकोर्ट का नोटिस

दिल्ली हाईकोर्ट ने सीबीएसई की 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं (विशेषकर एकाउंटेंसी विषय) में साधारण और गैर-प्रोग्रामेबल कैलकुलेटर के उपयोग की अनुमति देने की मांग वाली याचिका पर कड़ा संज्ञान लिया है। अदालत ने सीबीएसई के अलावा केंद्र सरकार, एनसीईआरटी (NCERT) और 'परख' (PARAKH) को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। 

दो जनवरी को सुनवाई 

इस मामले की अगली सुनवाई 2 जनवरी 2027 को तय की गई है। याचिकाकर्ता के वकीलों के मुताबिक, दिसंबर 2024 में हुई गवर्निंग बॉडी और पाठ्यक्रम समिति की बैठक में एकाउंटेंसी की परीक्षा में कैलकुलेटर के उपयोग की अनुमति दिए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी थी, लेकिन उसके बाद से इस पर कोई अंतिम कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते यह मामला अदालत तक पहुंचा है।

सीबीएसई 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए LOC सुधार की अंतिम तिथि

इसके अतिरिक्त, सीबीएसई ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने जा रहे 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए 'लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स' (LOC) जारी कर दी है। बोर्ड ने छात्रों और स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे पंजीकरण के दौरान दर्ज की गई सभी जानकारियों को अच्छी तरह जांच लें। यदि छात्र के विवरण (नाम, माता-पिता का नाम, विषय आदि) में कोई त्रुटि या संशोधन की आवश्यकता है, तो छात्र अपने संबंधित स्कूल के माध्यम से 7 नवंबर तक इसमें सुधार करवा सकते हैं। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं छात्रों को बोर्ड परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी जिनके नाम आधिकारिक एलओसी सूची में शामिल होंगे।