EPFO का बड़ा फैसला : 7 लाख लोगों के बैंक खाते में बिना क्लेम आएंगे पैसे, जानें किसे मिलेगा फायदा

EPFO ने 7 लाख निष्क्रिय खातों में पड़े 30.52 करोड़ रुपये लौटाने का फैसला किया है। 1,000 रुपये से कम बैलेंस वाले इन खातों में अब बिना किसी क्लेम फॉर्म के सीधे बैंक में पैसा आएगा।

EPFO का बड़ा फैसला : 7 लाख लोगों के बैंक खाते में बिना क्लेम

New Delhi - कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने करोड़ों नौकरीपेशा लोगों और पूर्व कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। विभाग ने अपने नियमों में अचानक बदलाव करते हुए घोषणा की है कि लगभग 7 लाख निष्क्रिय (Inactive) पीएफ खातों में फंसे 30.52 करोड़ रुपये सीधे खाताधारकों के बैंक खातों में भेजे जाएंगे। खास बात यह है कि इस पैसे को पाने के लिए खाताधारकों को किसी भी प्रकार का क्लेम फॉर्म भरने या कागजी कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं होगी।

किन खातों में आएगा पैसा?

EPFO के अनुसार, जिन पीएफ खातों में पिछले 36 महीनों (3 साल) से कोई अंशदान जमा नहीं हुआ है और जिनमें 1,000 रुपये या उससे कम का बैलेंस बचा है, उन्हें इस योजना के पहले चरण में शामिल किया गया है। अक्सर लोग चंद दिनों की नौकरी के बाद पीएफ की छोटी राशि को क्लेम करना भूल जाते हैं, अब वही राशि ऑटोमैटिक तरीके से सीधे उनके लिंक किए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी।

कैसे पूरी होगी प्रक्रिया?

यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल और ऑटोमैटिक होगी। जिन सदस्यों का आधार (Aadhaar) उनके बैंक खाते और यूएएन (UAN) से लिंक है, उनके खाते में राशि सीधे भेज दी जाएगी। यदि किसी खाताधारक का निधन हो चुका है, तो विभाग उनके द्वारा नामांकित व्यक्ति (Nominee) को यह राशि प्रदान करेगा। 

वर्तमान में EPFO के पास कुल 31.86 लाख निष्क्रिय खाते हैं, जिनमें लगभग 10,903 करोड़ रुपये जमा हैं। 1,000 रुपये से कम वाले खातों के बाद, विभाग धीरे-धीरे बड़े बैलेंस वाले निष्क्रिय खातों पर भी विचार कर सकता है।