Railway Employment News : रेलवे में बंपर बहाली, 11,127 पदों पर होगी सहायक लोको पायलटों की भर्ती, बिहार-झारखंड के हिस्से आए इतने पद
New Delhi : भारतीय रेलवे में नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेल मंत्रालय ने वर्ष 2026 के लिए सहायक लोको पायलट (ALP) के 11,127 पदों पर सीधी भर्ती की आधिकारिक मंजूरी दे दी है। 21 फरवरी को जारी आदेश के मुताबिक, रेलवे बोर्ड ने सभी जोनों के लिए रिक्तियों का आवंटन कर दिया है, जिससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे बल्कि ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन को भी नई ताकत मिलेगी।
जोनवार आवंटन: ओडिशा-आंध्र में सबसे ज्यादा, पूर्वोत्तर में कम
रेलवे भर्ती बोर्ड ने रिक्तियों का जो ब्योरा जारी किया है, उसके तहत पूर्व तटीय रेलवे (East Coast Railway) में सर्वाधिक 1625 पदों पर बहाली की जाएगी। वहीं, बिहार और झारखंड के युवाओं के लिए पटना, मुजफ्फरपुर और रांची बोर्ड के माध्यम से कुल 700 पदों पर नियुक्तियां होंगी। सबसे कम 105 रिक्तियां पूर्वोत्तर रेलवे के खाते में आई हैं। इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए नौ रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) को नोडल एजेंसी बनाया गया है।
ओवरटाइम की समस्या से मिलेगी मुक्ति
यह भर्ती रेलवे के परिचालन तंत्र में मानव संसाधन की कमी को दूर करने के लिए मील का पत्थर साबित होगी। वर्तमान में सोनपुर और समस्तीपुर रेलमंडल जैसे क्षेत्रों में स्टाफ की भारी कमी के कारण लोको पायलटों को निर्धारित घंटों से काफी अधिक ड्यूटी करनी पड़ रही है। 'ऑल इंडिया रनिंग स्टॉफ एसोसिएशन' लंबे समय से इन पदों को भरने के लिए आंदोलनरत था। नई नियुक्तियों से रनिंग स्टाफ के मानसिक और शारीरिक तनाव में कमी आने की उम्मीद है।
वार्षिक कैलेंडर जारी: तैयारी के लिए मिलेगा समय
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 का वार्षिक भर्ती कैलेंडर भी सार्वजनिक कर दिया है। बोर्ड के कार्यकारी निदेशक ने सभी जोनों के कार्मिक अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। इस कैलेंडर के जारी होने से देशभर के लाखों अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए एक निश्चित समय-सीमा मिल सकेगी और वे अपनी योजना बेहतर ढंग से बना पाएंगे।
जल्द शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
सक्षम अधिकारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा के बाद इन 11,127 पदों की अधिसूचना को हरी झंडी दी गई है। बोर्ड जल्द ही अपनी आधिकारिक वेबसाइटों पर आवेदन शुरू होने की तिथि, शैक्षणिक योग्यता और परीक्षा के चरणों से संबंधित विस्तृत विवरण साझा करेगा। मंत्रालय का मानना है कि समय पर रिक्तियां भरने से रेल दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने और ट्रेनों की समय-पाबंदी (Punctuality) को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।