Jan Suraj Protest : पांडव हत्याकांड के खिलाफ जंतर-मंतर पर जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, पीड़ित परिजनों को न्याय दिलाने की रखी मांग

Jan Suraj Protest : जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने पांडव हत्याकांड के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया.इस दौरान पीड़ित परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की गयी..........पढ़िए आगे

Jan Suraj Protest : पांडव हत्याकांड के खिलाफ जंतर-मंतर पर जन
पांडव हत्याकांड के खिलाफ प्रदर्शन - फोटो : SOCIAL MEDIA

New Delhi : दिल्ली में बिहारी नौजवान पांडव की हत्या के खिलाफ पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आज रविवार 3 मई को दिन के एक बजे से जंतर-मंतर पर जन सुराज पार्टी द्वारा शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में दिल्ली में रहने वाले बिहार के सर्वसमाज के लोग पार्टी लाइन से ऊपर उठकर बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए।दिल्ली के कोने-कोने से स्वतः आए बिहारी समाज के लोगों को संबोधित करते हुए जन सुराज पार्टी के प्रवक्ता विवेक कुमार ने कहा कि दिल्ली में एक तिहाई आबादी होने के बावजूद बिहारियों को प्रतिदिन अपमान, शोषण और हिंसा का सामना करना पड़ता है। 

उन्होंने कहा कि न केवल दिल्ली, बल्कि देश के लगभग हर राज्य में बिहारियों के साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है। दिल्ली पुलिस के एक हवलदार द्वारा बिहारी पहचान बताने पर पांडव की हत्या ने राजधानी में बिहारियों की वास्तविक स्थिति को उजागर कर दिया है। हम आज पांडव को न्याय दिलाने के लिए संगठित हुए हैं और यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता।

जंतर-मंतर पर आयोजित इस जनसभा को संबोधित करते हुए अनूप मैथिल और आदित्य मोहन ने कहा कि पांडव को न्याय दिलाने के लिए हमारी तीन प्रमुख मांगें हैं। इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस द्वारा न कराकर एक स्वतंत्र एसआईटी (SIT) से कराई जाए, पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपए का सरकारी मुआवजा दिया जाए, तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना के बाद भी संबंधित नेतृत्व द्वारा संवेदनशीलता नहीं दिखाई गई। रेखा गुप्ता पीड़ित परिवार के घर जाने की बजाय उन्हें सचिवालय बुलाकर मिलीं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

प्रवक्ता अक्षत सोनक ने कहा कि बिहारियों के साथ हो रहा यह अपमान, शोषण और हिंसा देश के विभिन्न राज्यों में एक गंभीर समस्या बन चुका है। बिहारी समाज देशभर में मेहनत-मजदूरी कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है, फिर भी उनके साथ इस प्रकार की घटनाएं लगातार हो रही हैं। जन सुराज पार्टी बिहारियों के साथ हो रहे इस भेदभाव के खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी। इस प्रदर्शन में विवेक कुमार, अनूप मैथिल, आदित्य, शांतनु, धीरू मिश्रा, चंद्रजीत, अक्षत, धनराज, रिचा, प्रभात, रितेश, हरेंद्र समेत अन्य लोग शामिल रहें। प्रदर्शन के उपरांत जन सुराज पार्टी का एक प्रतिनिधि टीम ने प्रशासन से भेंट कर अपना मांग पत्र सौंपा।