सुबह सुबह दिल दहलाने वाली घटना, रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 10 लोगों की मौत
आग जिस इमारत में लगी, वह पांच मंजिला बिल्डिंग है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक 10 की मौत हो गई.
Fire in restaurant : एक भीषण अग्निकांड में बुधवार को 10 लोगों की मौत हो गई। आग लगने के यह घटना दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह हुई। लेमन ग्रीन नामक रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक सुबह करीब 9:45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी।
आग जिस इमारत में लगी, वह पांच मंजिला बिल्डिंग है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के नीचे संचालित होटल और रेस्टोरेंट से आग की शुरुआत हुई थी। देखते ही देखते आग पूरी इमारत में फैल गई, जिससे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। बेसमेंट में फंसे कई लोगों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया, जिनमें से तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के बाद जब ग्राउंड फ्लोर का कांच तोड़ा गया तो लपटें तेजी से बेसमेंट की ओर फैल गईं। हालात इतने भयावह थे कि लोगों ने जान बचाने के लिए बालकनी और खिड़कियों से छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने नीचे गद्दे बिछाकर कई लोगों की जान बचाने की कोशिश की।
SDM ने लिया जायजा
DDMA साउथ डिस्ट्रिक्ट के SDM जितेंद्र कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही एमसीडी से यह जानकारी मांगी गई है कि रिहायशी इलाकों में चल रहे होटल और रेस्टोरेंट को किस आधार पर लाइसेंस दिया गया है। प्रशासन ने ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच कराने की बात कही है।
विधायक ने सीएम को दी जानकारी
वहीं मालवीय नगर के विधायक सतीश उपाध्याय ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि प्रशासन और राहत एजेंसियों को तुरंत सक्रिय कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है और आग लगने के कारणों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।