दिल्ली में मस्जिदों पर कार्रवाई के खिलाफ जंतर-मंतर पर भारी प्रदर्शन, तेजस्वी यादव के करीबी महताब आलम समेत कई बड़े नेता हिरासत में

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर मस्जिदों पर हो रही बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में मुस्लिम समुदाय और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजद के कई प्रमुख नेताओ को हिरासत में लिया...

दिल्ली में मस्जिदों पर कार्रवाई के खिलाफ जंतर-मंतर पर भारी प
तेजस्वी यादव के करीबी महताब आलम को पुलिस ने हिरासत मे लिया- फोटो : देवांशु प्रभात

Patna/New Delhi : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर मस्जिदों पर हो रही तोड़फोड़ और बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में मुस्लिम समुदाय और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा विशाल विरोध प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन के दौरान माहौल बेहद गर्म हो गया, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव के करीबी मोहम्मद महताब आलम समेत दर्जनों प्रमुख नेताओं और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।


जमात-ए-इस्लामी हिंद और सपा सांसदों मोहिबुल्लाह नदवी व इकरा हसन की मौजूदगी से गरमाई सियासत 

जंतर-मंतर पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में देश भर से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे, जिससे दिल्ली के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई। प्रदर्शन में जमात-ए-इस्लामी हिंद के अध्यक्ष के साथ-साथ समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ सांसद मोहिबुल्लाह नदवी और कैराना से सपा सांसद इकरा हसन जैसे बड़े राजनीतिक चेहरे भी शामिल होने पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी प्रमुख नेताओं और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर मौके से हटा दिया।


"लोकतांत्रिक विरोध से डरती है सरकार": ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रवक्ता का तीखा हमला 

प्रदर्शन के दौरान ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) के प्रवक्ता सैय्यद कासिम रसूल इलियास ने मीडिया से बातचीत करते हुए सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखा जुबानी हमला बोला। उन्होंने दो टूक आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाने और शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने के संवैधानिक अधिकारों से बुरी तरह डरी हुई है।


प्रशासन पर जानबूझकर अनुमति खारिज करने का आरोप, जनता आवाज उठाती रहेगी 

सैय्यद कासिम रसूल इलियास ने कहा कि नियम और कानून के तहत प्रशासन से हर बार प्रदर्शन की विधिवत अनुमति मांगी जाती है, लेकिन सरकार के इशारे पर इसे जानबूझकर खारिज कर दिया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुमति न मिलने के बावजूद आम जनता और समाज के प्रतिनिधि अपनी जायज आवाज को दबने नहीं देंगे तथा अन्याय और बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ संवैधानिक दायरे में लड़ाई जारी रखेंगे।


जंतर-मंतर पर सुरक्षा बल तैनात, पुलिस प्रशासन की पैनी नजर 

घटनाक्रम के बाद जंतर-मंतर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि बिना पूर्व अनुमति के बड़े पैमाने पर भीड़ जमा करने और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने के प्रयास के कारण प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में लिया गया। मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।

देवांशु प्रभात की रिपोर्ट