मुकेश श्रीवास्तव हत्याकांड: जंतर-मंतर पर कायस्थ समाज की श्रद्धांजलि सभा, गृह मंत्री से आरोपी पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग

सीवान के चर्चित मुकेश श्रीवास्तव हत्याकांड की गूंज अब दिल्ली के जंतर-मंतर तक पहुँच गई है। कायस्थ समाज ने जंतर-मंतर पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर गृह मंत्री को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। समाज ने मुख्य आरोपी रवि गुप्ता की त्वरित गिरफ्तारी....

Mukesh Srivastava Murder Case
मुकेश श्रीवास्तव हत्याकांड: जंतर-मंतर पर कायस्थ समाज की श्रद्धांजलि सभा- फोटो : news 4 nation

नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर कायस्थ समाज की ओर से बिहार के सीवान जिले के निवासी स्वर्गीय मुकेश श्रीवास्तव की स्मृति में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। 16 जुलाई 2026 को सीवान के आंदर थाना अंतर्गत सेवाड़ा गांव में मुकेश श्रीवास्तव की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस अवसर पर कायस्थ समाज के सैकड़ों प्रबुद्धजनों ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को नमन किया और मामले में अविलंब न्याय की मांग उठाई।


गृह मंत्री को सौंपा गया 10 सूत्रीय मांग पत्र 

श्रद्धांजलि सभा के पश्चात कायस्थ समाज के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय गृह मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें मुख्य अभियुक्त रवि गुप्ता और अन्य नामजद आरोपियों की एक सप्ताह के भीतर गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए त्वरित सुनवाई तथा मुख्य आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया कि मुख्य अभियुक्त का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह अवैध शराब तथा मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त रहा है।


पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक मदद और सुरक्षा की मांग

ज्ञापन के माध्यम से पीड़ित परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये की विशेष अनुदान राशि और दोनों नाबालिग बच्चों के वयस्क होने तक भरण-पोषण हेतु सरकारी मासिक सहायता की मांग की गई है। साथ ही, बच्चों के वयस्क होने पर उनमें से एक को सरकारी नौकरी देने की गारंटी देने का आग्रह किया गया है। बता दें कि मुकेश श्रीवास्तव अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, और उनकी हत्या के बाद उनकी 82 वर्षीय वृद्ध माता तथा दो मासूम बच्चों के सामने गहरा आर्थिक व मानसिक संकट खड़ा हो गया है।


कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पर गहराते सवाल 

कायस्थ समाज ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि एफआईआर दर्ज होने के एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होना पुलिस और कानून-व्यवस्था की शिथिलता को दर्शाता है। वक्ताओं ने कहा कि मृतक का परिवार स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय बाबू जगन्नाथ प्रसाद के वंश से जुड़ा है। ऐसे में यह घटना केवल एक परिवार के साथ हुआ अन्याय नहीं है, बल्कि यह समाज में नागरिकों की सुरक्षा और कानून के शासन पर बड़ा सवालिया निशान लगाती है।


कायस्थ समाज के गणमान्य लोग रहे मौजूद 

जंतर-मंतर पर आयोजित इस विरोध व श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कायस्थ समाज के अनेक प्रमुख चेहरे शामिल हुए। इस दौरान रवींद्र लाल कर्ण, अजित सिन्हा, अभिजीत श्रीवास्तव, अनंत लाल कर्ण और डॉ. संतोष लाल कर्ण सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा व मुआवजा नहीं मिला, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।