UGC-NET Re-Exam Date 2026:अंग्रेजी,कॉमर्स और सोशियोलॉजी की परीक्षा रद्द,NTA 9-10 सितंबर को दोबारा कराएगा एग्जाम
NTA ने UGC-NET जून 2026 परीक्षा के तहत इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषय की परीक्षा रद्द कर दी है। प्रश्न पत्रों में पाई गई कई त्रुटियों के बाद 9 और 10 सितंबर 2026 को पुनः परीक्षा आयोजित की जाएगी। पूरी जानकारी यहां पढ़ें।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC-NET जून 2026 परीक्षा के तहत तीन विषयों—अंग्रेजी (English), कॉमर्स (Commerce) और समाजशास्त्र (Sociology) की परीक्षा को रद्द कर पुनः आयोजित करने का बड़ा निर्णय लिया है। NTA द्वारा 16 अगस्त 2026 को जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार, 22 से 30 जून 2026 के बीच आयोजित 87 विषयों की परीक्षा में से इन तीन विषयों के प्रश्न पत्रों में कई गंभीर त्रुटियां पाई गई थीं। निष्पक्ष और त्रुटिरहित परीक्षा आयोजित करने के उद्देश्य से NTA ने इन्हें दोबारा कराने का फैसला किया है।
जांच कमेटी की रिपोर्ट: भारी गड़बड़ियों के बाद निर्णय
इन तीनों विषयों के प्रश्न पत्रों को लेकर उम्मीदवारों से मिली कई शिकायतों के बाद NTA ने एक विशेष समिति का गठन किया था। कमेटी की जांच में पाया गया कि प्रश्न पत्रों में तथ्यात्मक (factual), वर्तनी (typographical), अनुवाद, व्याकरण, विराम चिह्नों की गंभीर गलतियां थीं। साथ ही विद्वानों के नाम, पुस्तकों के शीर्षक और प्रश्नों के मुख्य वाक्यों (stem wording) में भी भारी कमियां पाई गईं। कमेटी ने माना कि केवल विवादित प्रश्नों को हटाने (dropping questions) से इस स्तर की गलतियों को सुधारा नहीं जा सकता, इसलिए दोबारा परीक्षा कराना ही एकमात्र निष्पक्ष विकल्प है।
पुनः परीक्षा का शेड्यूल और नियम
NTA के नए परीक्षा शेड्यूल के अनुसार, तीनों विषयों की पुनः परीक्षा 9 और 10 सितंबर 2026 को दो पारियों में आयोजित की जाएगी। 9 सितंबर को पहली पाली (सुबह 9 से दोपहर 12 बजे) में इंग्लिश और दूसरी पाली (दोपहर 3 से शाम 6 बजे) में कॉमर्स की परीक्षा होगी। वहीं 10 सितंबर को पहली पाली (सुबह 9 से दोपहर 12 बजे) में सोशियोलॉजी की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस पुनः परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों से कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा, तथा परीक्षा शहर, केंद्र और एडमिट कार्ड की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से अधिसूचित की जाएगी।
शेष 84 विषयों के परिणाम पर असर नहीं
NTA ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि जिन 84 अन्य विषयों के लिए उत्तर कुंजी (Answer Key Challenge) पहले जारी की जा चुकी है, उनके परिणाम तय समय सीमा के अनुसार ही घोषित किए जाएंगे। इन 84 विषयों के लिए JRF सीटों का आवंटन, असिस्टेंट प्रोफेसर पात्रता के ई-सर्टिफिकेट और PhD प्रवेश की प्रक्रिया में इन 3 विषयों की दोबारा परीक्षा के कारण कोई विलंब या देरी नहीं होगी।