बांकीपुर उपचुनाव परिणाम पर राजद सांसद सुधाकर सिंह का बड़ा बयान : एनडीए के खिलाफ पूरे देश में जनाक्रोश, भाजपा की हार तय थी
भाजपा की अभेद किला माने जाने वाली बांकीपुर विधानसभा सीट पर जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कब्जा जमा लिया है। इधर इस परिणाम पर राजद के सांसद सुधाकर सिंह ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है....
Delhi : बांकीपुर उपचुनाव मे बीजेपी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। भाजपा की अभेद किला माने जाने वाली बांकीपुर विधानसभा सीट पर जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कब्जा जमा लिया है। इधर इस परिणाम पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद सुधाकर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में जो हालात पिछले एक वर्ष के भीतर बने हैं, उसके आधार पर यह पहले से तय था कि भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि केवल बिहार ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों में भी जनता भाजपा के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त कर रही है।
देश की मौजूदा स्थिति और जनता का आक्रोश
सुधकर सिंह ने कहा कि देश में मुख्य समस्याओं पर भाजपा का रवैया हमेशा नकारात्मक रहा है। किसान आंदोलन से लेकर छात्र आंदोलन तक, आंदोलनकारियों को डराने और दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और न्यायपालिका की अनदेखी जैसे मुद्दों के कारण जनता के भीतर अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति महसूस हो रही थी, जिसका असर अब चुनावों में दिखाई दे रहा है।
प्रशांत किशोर और विपक्ष के रुख पर टिप्पणी
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की जीत और उनके दावों पर बात करते हुए आरजेडी सांसद ने कहा कि जनता ने यह मन बना लिया है कि जो भाजपा को हराएगा, वोट उसी को मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष का वोट एकजुट हो चुका है। प्रशांत किशोर द्वारा चुनावी नतीजों के विश्लेषण पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने इसे 'सतही आकलन' बताया और कहा कि जीत किसी एक व्यक्ति या दल की वजह से नहीं, बल्कि भाजपा के प्रति जन-आक्रोश के कारण हुई है।
सम्राट चौधरी और नेतृत्व पर कसा तंज
सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद से हटाने और सत्ता पक्ष के आंतरिक मामलों पर प्रशांत किशोर की बयानों का ज़िक्र करते हुए सुधाकर सिंह ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि यह पहली बार देखने को मिल रहा है कि कोई विपक्षी नेता अपनी पैरवी करने के बजाय सत्ता पक्ष को यह सलाह दे रहा है कि उनका मुख्यमंत्री कौन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर सत्ता पक्ष कमजोर हो रहा है, तो विपक्ष के लिए यह संतोष की बात होनी चाहिए, न कि उन्हें मजबूत बनाने की सलाह देने की।
राजद का प्रदर्शन और समीक्षा
अपनी पार्टी RJD के प्रदर्शन पर बात करते हुए सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि पार्टी अपनी स्थिति और समीक्षा को लेकर बिल्कुल स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि जिन सीटों पर राजद हमेशा से चुनाव लड़ती आई है, वहां उनके प्रदर्शन में कोई बड़ा अंतर नहीं आया है। पार्टी का वोट बैंक स्थिर है और जहां पार्टी मजबूत है, वहां वह अपनी पकड़ बनाए रखेगी।
धीरज सिंह की रिपोर्ट