चुनाव आयोग का मेगा ड्राइव, SIR फेज-III का शेड्यूल जारी, 30 मई से शुरू होगी प्रक्रिया

तीसरे चरण में जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में SIR कराया जाएगा उनमें स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया 30 मई से शुरू होगी।

SIR Phase-III schedule
SIR Phase-III schedule- फोटो : news4nation

SIR : देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया 30 मई से शुरू होगी। चुनाव आयोग के अनुसार यह अभियान सितंबर से दिसंबर 2026 के बीच अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ पूरा किया जाएगा। इस विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत लगभग 3.94 लाख बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस काम में राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त 3.42 लाख बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी सहयोग करेंगे। आयोग के मुताबिक करीब 36.73 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा।


तीसरे चरण में जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में SIR कराया जाएगा उनमें ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम, मणिपुर, दादरा नगर हवेली और दमन एवं दीव, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, तेलंगाना, पंजाब, कर्नाटक, मेघालय, महाराष्ट्र, झारखंड, दिल्ली, नागालैंड और त्रिपुरा शामिल हैं।


चुनाव आयोग ने बताया कि पहले दो चरणों में 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में SIR की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। इस दौरान करीब 5.18 करोड़ नाम मतदाता सूची से हटाए गए। विपक्षी दलों और सिविल सोसाइटी संगठनों ने इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए आरोप लगाया था कि यह अभियान मतदाताओं को सूची से बाहर करने पर केंद्रित है।


आयोग ने स्पष्ट किया कि तीसरे चरण का कार्यक्रम जनगणना की चल रही हाउस लिस्टिंग प्रक्रिया और फील्ड स्तर पर उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। कानूनी कारणों की वजह से असम में फिलहाल SIR नहीं कराया गया है।


चुनाव आयोग ने कहा कि इस चरण के बाद हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर देश के लगभग सभी हिस्सों में SIR की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। आयोग के अनुसार इन तीन क्षेत्रों में जनगणना के दूसरे चरण और बर्फबारी वाले इलाकों में मौसम की स्थिति को देखते हुए बाद में अलग से कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।