Bihar News : जमुई एकलव्य स्कूल के छात्र अजय बास्के और सुभाष कुमार टुडू ने बढ़ाया बिहार का मान, राष्ट्रपति के हाथों हुए सम्मानित
Bihar News : 'जनजातीय गौरव पखवाड़ा' के तहत राष्ट्रपति भवन में आयोजित सम्मान समारोह में बिहार के दो मेधावी जनजातीय विद्यार्थियों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कर-कमलों से सम्मानित होने का गौरव प्राप्त हुआ।
New Delhi : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार में जनजाति समुदाय के लोगों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। खासकर इस समुदायक के युवाओं एवं छात्रों की पढ़ाई से लेकर रोजगार को लेकर कई स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बिहार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव पखवाड़ा के तहत गुरुवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में बिहार के दो मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रपति महोदया द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित होने का गौरव प्राप्त हुआ। सम्मानित होने वाले दोनों विद्यार्थी अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के स्तर से संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, आस्ता (झाझा, जमुई) के छात्र है। इनमें अजय बास्के और सुभाष कुमार टुडू शामिल हैं। दोनों विद्यार्थियों ने शैक्षणिक सत्र 2024-26 में अपने-अपने संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया था।
कला संकाय में सुभाष कुमार टुडू ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया, जबकि विज्ञान संकाय में अजय बास्के ने 79.4 प्रतिशत अंक हासिल कर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। शैक्षणिक क्षेत्र में उनकी इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए उन्हें राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। विभाग ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
सुभाष कुमार टुडू मूल रूप से बांका जिले के चंदन प्रखंड अंतर्गत मुरफोरवा गांव के निवासी हैं। उनके पिता का नाम विनय कुमार टुडू और माता का नाम मीना देवी है। वहीं, अजय बास्के जमुई जिले के झाझा प्रखंड अंतर्गत जुरपनिया गांव के निवासी हैं। उनके पिता का नाम लम्बू बास्के और माता का नाम बड़की मुर्मू है।