'बाहुबली की तरह व्यवहार बंद करें': IPS पर एक रुपये जुर्माना लगाने वाले जज को सुप्रीम कोर्ट की फटकार

प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश का पालन न होने पर रोहतास के तत्कालीन एसपी पर ₹1 का जुर्माना लगाना और उसी दिन दोषी ठहराना—सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के न्यायिक अधिकारी के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई है। पढ़ें पूरा मामला और पीठ की अहम टिप्पणियां।

judge sc criticism rohtas sp fine order
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के जज को लगाई कड़ी फटकार, रोहतास के तत्कालीन एसपी पर ₹1 जुर्माने का मामला- फोटो : Reporter

रोहतास के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक पर एक रुपये का जुर्माना लगाने वाले बिहार के न्यायिक अधिकारी को सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी फटकार लगाई है। प्राथमिकी दर्ज करने के अदालती निर्देश का पालन न होने पर एसपी को दोषी ठहराने और जुर्माना लगाने के मामले की सुनवाई के दौरान प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ ने सासाराम के जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार के कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। पीठ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि न्यायिक शक्तियों का प्रयोग करते समय बाहुबली की तरह व्यवहार करना बंद करें।


कानून की समझ पर पीठ ने जताई नाराजगी

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी मोहना की पीठ ने मामले में न्यायिक अधिकारी के आचरण पर गहरी नाराजगी जताई। सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति बागची ने टिप्पणी की कि कानून को लेकर न्यायिक अधिकारी की समझ बेहद भयावह है। उन्होंने कहा कि अधिकारी को पहले भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 384 और दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 345 के प्रावधानों व दायरे को ठीक से समझना चाहिए।


अदालत के सामने अपराध और आदेश की अवहेलना में अंतर

पीठ ने कानूनी स्थिति साफ करते हुए कहा कि अदालत के सामने होने वाले अपराध और अदालती आदेश का पालन न करने के मामलों के बीच स्पष्ट अंतर है। यदि कोई व्यक्ति अदालत में किसी को थप्पड़ मारता है, गाली-गलौज करता है या निर्देश के बावजूद कोर्ट रूम से बाहर जाने से इनकार करता है, तो उसे अदालत के सामने किया गया अपराध माना जा सकता है। हालांकि, प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश का पालन न होना इस श्रेणी में नहीं आता।


उसी दिन दोषी ठहराने के तरीके पर सवाल

सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक अधिकारी के आक्रामक रवैये पर भी आपत्ति जताई। पीठ ने कहा कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक को फोन किया और उसी दिन उन्हें दोषी भी ठहरा दिया। सीजेआइ सूर्यकांत ने न्यायिक शक्तियों का इस्तेमाल करते समय संयम बरतने की नसीहत देते हुए कहा कि ऐसा व्यवहार ठीक नहीं है।


झूठी गवाही के मामले से जुड़ा है विवाद

यह पूरा मामला रोहतास के तत्कालीन एसपी रोशन कुमार से जुड़ा है। सासाराम स्थित जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-चतुर्थ ने 29 सितंबर 2026 को उन्हें अदालत के आदेश की अवहेलना का दोषी ठहराया था। यह विवाद वर्ष 2023 में निबटाए गए एक आपराधिक मुकदमे में झूठी गवाही देने वाले व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश से संबंधित था।


हाईकोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला

अदालत का आरोप था कि एसपी ने प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश का पालन नहीं किया, जिसके बाद न्यायिक अधिकारी ने उन पर एक रुपये का सांकेतिक जुर्माना लगाया। इस फैसले को पटना हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी, जहां से जुर्माने के आदेश पर रोक लगा दी गई। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने न्यायिक अधिकारी के रवैये पर सख्त टिप्पणी की।