स्व. सुषमा स्वराज के पति व मिजोरम के पूर्व राज्यपाल रहे स्वराज कौशल का निधन, दिल्ली सीएम सहित भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व विदेश मंत्री स्व. सुषमा स्वराज के पति और मिजोरम के पूर्व राज्यपाल स्वराज कौशल का निधन हो गया है। उनके निधन पर दिल्ली के मुख्यमंत्री सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
New Delhi - वरिष्ठ अधिवक्ता और मिजोरम के पूर्व राज्यपाल स्वराज कौशल का निधन हो गया है। पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पति और बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज के पिता स्वराज कौशल ने गुरुवार को आखिरी सांस ली। 73 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। 4 दिसंबर को उन्होंने आखिरी सांस ली। दिल्ली बीजेपी ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर स्वराज कौशल के निधन की जानकारी दी है।
दिल्ली सीएम न े दी श्रद्धांजलि
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर भारतीय जनता पार्टी की सांसद बांसुरी स्वराज के पिता स्वराज कौशल के निधन पर शोक व्यक्त किया है. एक पोस्ट में रेखा ने लिखा कि मिजोरम के पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ अधिवक्ता श्री स्वराज कौशल जी के निधन की खबर दुखद है.
दिल्ली की सीएम ने लिखा कि स्वराज कौशल का सार्वजनिक जीवन और विधि के क्षेत्र में योगदान हमेशा याद किया जाएगा. राष्ट्र और समाज के प्रति उनकी सेवा अविस्मरणीय है. दुःख की इस घड़ी में, मेरी गहरी संवेदनाएँ सांसद बांसुरी स्वराज और उनके समस्त परिजनों के साथ हैं. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और उनके परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें. ॐ शांति.

आज ही होगा स्वराज कौशल का अंतिम संस्कार
इस संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई ने पोस्ट किया.बीजेपी दिल्ली इकाई ने लिखा कि सांसद एवं प्रदेश मंत्री बांसुरी स्वराज के पिता स्वराज कौशल का आज 4 दिसम्बर, 2025 को निधन हो गया है. उनका अंतिम संस्कार आज 4 दिसम्बर, 2025 को सायं 4.30 बजे लोधी रोड श्मशान घाट पर किया जायेगा.
बता दें कि स्वराज कौशल का जन्म 12 जुलाई 1952 को हुआ था। दिल्ली यूनिवर्सिटी और पंजाब यूनिवर्सिटी से उन्होंने पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने वकालत शुरू की। स्वराज कौशल की पहचान सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकीलों में होती थी। वे छह साल तक राज्यसभा में सांसद रहे, साथ ही मिजोरम में राज्यपाल की भी जिम्मेदारी संभाली थी। स्वराज कौशल सबसे कम आयु में राज्यपाल का पद प्राप्त करने वाले व्यक्ति बने थे। 1975 में इनका विवाह सुषमा स्वराज के साथ में हुआ था।