दिल्ली एयरपोर्ट पर स्विस एयरलाइंस की फ्लाइट में टेकऑफ के दौरान आग, 4 नवजात समेत 232 लोग सवार
Delhi Airport ; इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस की ज्यूरिख जाने वाली फ्लाइट LX147 के इंजन में टेकऑफ के दौरान तकनीकी खराबी आ गई, जिससे उसमें आग लग गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट पर तुरंत ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई।
यह घटना रात करीब 1:08 बजे की है, जब एयरबस A330 विमान रनवे से उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। जैसे ही विमान ने गति पकड़ी, पायलट ने बाईं ओर लैंडिंग गियर के पास से धुआं उठता देखा। खतरे को भांपते हुए पायलट ने तत्काल टेकऑफ प्रक्रिया रोक दी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
अधिकारियों के अनुसार, सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान 6 यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि टेकऑफ के समय विमान के बाएं लैंडिंग गियर से धुआं निकलता देखा गया, जिसके बाद तुरंत फ्लाइट को रोक दिया गया। एयरलाइन की स्थानीय टीम यात्रियों की सहायता में जुटी है और मामले की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।
यात्रियों को आई मामूली चोटें
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं। इमरजेंसी स्लाइड से तेजी से नीचे उतरने के दौरान हुई आपाधापी में यात्रियों को चोट लगी। शुरुआती जानकारी में 3 यात्रियों के घायल होने की बात सामने आई थी, हालांकि एयरलाइन ने बताया है कि 6 यात्रियों का इलाज चल रहा है। सभी घायल यात्रियों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया और उनकी स्थिति अब स्थिर है।
फिलहाल इस घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और एयरलाइन की तकनीकी टीम जल्द ही दिल्ली पहुंचकर पूरे मामले की पड़ताल करेगी।