Chhath Puja 2026: छठ पूजा में ठेकुआ ही क्यों चढ़ाया जाता है? जानें धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व

Chhath Puja 2026: छठ पूजा में ठेकुआ क्यों चढ़ाया जाता है? जानें गेहूं के आटे, घी और गुड़ से बनने वाले इस प्रसाद का धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व।

Chhath Puja 2026

Chhath Puja 2026: छठ महापर्व की शुरुआत इस बार 13 नवंबर, शुक्रवार से हो रही है और इसका समापन 16 नवंबर, सोमवार को होगा। इस पर्व में सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा की जाती है। छठ पूजा के सबसे खास प्रसादों में ठेकुआ का नाम सबसे पहले आता है। इसके बिना छठ पूजा का प्रसाद अधूरा माना जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि छठ पूजा में ठेकुआ ही क्यों बनाया जाता है और इसका इतना महत्व क्यों है?


पंडित राकेश झा के अनुसार, छठ पूजा में ठेकुआ बनाने के पीछे धार्मिक और वैज्ञानिक दोनों तरह के कारण हैं। इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री से लेकर इसके रंग और आकार तक को सूर्यदेव से जोड़कर देखा जाता है। आइए जानते हैं छठ पूजा में ठेकुआ बनाने का महत्व।


छठ पूजा में ठेकुआ ही क्यों चढ़ाया जाता है?


छठ पूजा का मुख्य प्रसाद ठेकुआ गेहूं के आटे, घी और गुड़ से तैयार किया जाता है। पंडित राकेश झा बताते हैं कि इन तीनों सामग्रियों को सूर्य से जुड़ा हुआ माना जाता है। ठेकुआ का रंग और आकार भी सूर्य का प्रतीक माना जाता है। छठ महापर्व में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है। इसी वजह से ठेकुआ को सूर्यदेव और छठी मैया के प्रिय प्रसाद के रूप में विशेष महत्व दिया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसके बिना छठ पूजा का भोग अधूरा माना जाता है।


ठेकुआ बनाने का वैज्ञानिक कारण क्या है?


ठेकुआ का धार्मिक महत्व होने के साथ-साथ इसे मौसम और स्वास्थ्य से भी जोड़कर देखा जाता है। छठ पूजा के आसपास ठंड का मौसम शुरू होने लगता है। ऐसे में ठेकुआ बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को शरीर को गर्माहट देने वाला माना जाता है।


गेहूं का आटा, गुड़ और घी से तैयार ठेकुआ शरीर को ऊर्जा देने वाला भोजन है। मान्यता है कि ठंड के मौसम में इसका सेवन करने से शरीर को गर्माहट मिलती है। इसी कारण छठ पूजा के इस खास प्रसाद को मौसम के लिहाज से भी उपयोगी माना जाता है।


ठेकुआ बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान


छठ पूजा में साफ-सफाई और प्रसाद की शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। इसलिए ठेकुआ बनाने से पहले रसोई और चूल्हे की अच्छी तरह सफाई करनी चाहिए। प्रसाद तैयार करते समय पवित्रता का पूरा ध्यान रखना जरूरी माना जाता है। इस दौरान घर में तामसिक भोजन बनाने और खाने से भी परहेज किया जाता है। व्रती महिलाएं आमतौर पर खुद अपने हाथों से ठेकुआ तैयार करती हैं। छठ व्रत के पारण के बाद इस प्रसाद को परिवार के सदस्यों और दूसरे लोगों में बांटा जाता है।