छठ का खरना आज, व्रती जरुर करें पूजा में यह काम, इस समय लगाएं गुड़ की खीर और रोटी का भोग
खरना केवल प्रसाद ग्रहण करने का दिन नहीं, बल्कि छठ व्रत की कठिन साधना का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस दिन व्रती संयम, स्वच्छता और पूरी श्रद्धा के साथ छठी मइया की आराधना करते हैं।
Chhath : बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत के साथ ही घरों में भक्ति और शुद्धता का माहौल बन गया है। शुक्रवार, 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व शुरू हुआ। अब शनिवार, 14 नवंबर को छठ का दूसरा दिन यानी खरना मनाया जाएगा। खरना को लोहंडा भी कहा जाता है। छठ पूजा में इस दिन का विशेष महत्व है, क्योंकि खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद ही व्रती के कठिन 36 घंटे के निर्जला उपवास की शुरुआत होती है।
आस्था, अनुशासन और पवित्रता का प्रतीक है खरना
खरना केवल प्रसाद ग्रहण करने का दिन नहीं, बल्कि छठ व्रत की कठिन साधना का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस दिन व्रती संयम, स्वच्छता और पूरी श्रद्धा के साथ छठी मइया की आराधना करते हैं। मान्यता है कि खरना की पूजा और व्रत से छठी मइया प्रसन्न होती हैं तथा परिवार की सुख-समृद्धि और संतान के कल्याण का आशीर्वाद देती हैं। यही वजह है कि खरना के दिन घरों में विशेष पवित्रता और शांति बनाए रखने पर जोर दिया जाता है।
दिनभर उपवास, शाम में होती है पूजा
खरना के दिन छठ व्रती सुबह स्नान कर सूर्यदेव को प्रणाम करने के बाद दिनभर उपवास रखते हैं। इस दौरान अन्न और जल दोनों का त्याग किया जाता है। शाम को सूर्यास्त के बाद स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण किए जाते हैं और पूजा की तैयारी होती है। इसके बाद छठी मइया और सूर्यदेव की आराधना कर खरना का प्रसाद अर्पित किया जाता है।
पटना में 14 नवंबर को सूर्यास्त लगभग शाम 5:01 बजे होगा। हालांकि, पूजा का समय स्थानीय परंपरा और सूर्यास्त के अनुसार निर्धारित किया जाता है।
खरना में बनता है गुड़ की खीर और घी लगी रोटी का प्रसाद
खरना का सबसे खास आकर्षण इसका पारंपरिक प्रसाद है। इस दिन अरवा चावल, दूध और गुड़ से रसियाव यानी गुड़ की खीर बनाई जाती है। इसके साथ गेहूं के आटे की रोटी तैयार की जाती है, जिस पर शुद्ध घी लगाया जाता है। कई घरों में केला और अन्य फल भी प्रसाद के रूप में रखे जाते हैं। प्रसाद बनाने में शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। कई परिवारों में इसे मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से तैयार करने की परंपरा है। प्रसाद तैयार होने के बाद छठी मइया को भोग लगाया जाता है। पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं और फिर इसे परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों में बांटा जाता है।
खरना के बाद शुरू होता है 36 घंटे का निर्जला व्रत
खरना की पूजा और प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती लगभग 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास का संकल्प निभाते हैं। इस दौरान वे न तो भोजन करते हैं और न ही पानी ग्रहण करते हैं। अगले दिन यानी रविवार, 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगे। इसके बाद सोमवार, 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसी के साथ छठ व्रत का समापन होगा और व्रती पारण कर अपना उपवास खोलेंगे।