Bihar School News: भोजन और पानी विवाद पर बवाल, चप्पल-ईंट और पत्थरों की बौछार से मची अफरा-तफरी, एक घायल कई जख्मी

Bihar School News: एएनएम स्कूल परिसर अचानक हिंसा का अखाड़ा बन गया। भोजन की गुणवत्ता और दूषित पेयजल को लेकर चल रहे विरोध ने इतना उग्र रूप ले लिया कि छात्राओं और जीविका दीदियों के बीच जमकर मारपीट और पथराव शुरू हो गया।....

Bagaha Food and Water Dispute Sparks Clash Stones Slippers
स्कूल में बवाल- फोटो : reporter

Bihar School News:एएनएम स्कूल परिसर अचानक हिंसा का अखाड़ा बन गया। भोजन की गुणवत्ता और दूषित पेयजल को लेकर चल रहे विरोध ने इतना उग्र रूप ले लिया कि छात्राओं और जीविका दीदियों के बीच जमकर मारपीट और पथराव शुरू हो गया।  बगहा पुलिस जिला एक बार फिर सुर्खियों में है, जहां शुक्रवार को एएनएम स्कूल परिसर अचानक हिंसा का अखाड़ा बन गया। भोजन की गुणवत्ता और दूषित पेयजल को लेकर चल रहे विरोध ने इतना उग्र रूप ले लिया कि छात्राओं और जीविका दीदियों के बीच जमकर मारपीट और पथराव शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में पूरा परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

यह घटना एएनएम स्कूल बगहा की है, जहां पिछले कई दिनों से छात्राएं हॉस्टल में घटिया भोजन और बदबूदार पानी को लेकर विरोध कर रही थीं। छात्राओं का आरोप था कि लगातार शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया जा रहा, जिससे उनकी नाराजगी बढ़ती जा रही थी।

शुक्रवार को स्थिति तब बिगड़ गई जब छात्राएं हॉस्टल गेट के सामने तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रही थीं और थाली-बर्तन बजाकर अपना विरोध दर्ज करा रही थीं। इसी दौरान करीब 200 की संख्या में जीविका दीदियां स्कूल परिसर पहुंच गईं। दोनों पक्षों के आमने-सामने आते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में केवल बहस और नारेबाजी हुई, लेकिन कुछ ही देर में स्थिति बेकाबू हो गई। दोनों ओर से धक्का-मुक्की शुरू हुई और फिर चप्पल, बोतलें और ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक हुए पथराव से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्राएं अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं। इस हिंसक झड़प में एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि कई अन्य छात्राओं को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्राचार्य श्रीश वर्मा ने नगर थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि तब तक परिसर में काफी नुकसान हो चुका था और तनाव का माहौल बना रहा। जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सोहेल राज ने कहा है कि छात्राओं की शिकायतों की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर जीविका दीदियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें जानबूझकर उकसाया गया और माहौल खराब किया गया।

रूबी कुमारी ने दावा किया कि मेस में पहले चिकन को लेकर विवाद हुआ था और उसी को लेकर तनाव बढ़ा। उनके अनुसार, प्राचार्य पर माहौल भड़काने के आरोप भी लगाए गए हैं, जिसके कारण स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यह घटना प्रशासनिक व्यवस्था और छात्रावास प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है कि आखिर मामूली शिकायतें इतनी बड़ी हिंसा में कैसे बदल गईं।

रिपोर्ट- आशीष कुमार