Bihar School Fee Hike: प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर सरकार का शिकंजा, शिक्षा मंत्री का ऐलान- अवैध फीस वसूली हुई तो होगी कड़ी कार्रवाई, SOP से तय होंगे नियम
Bihar School Fee Hike:शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने निजी विद्यालयों की कथित मनमानी और अभिभावकों से अवैध वसूली के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाया है।...
Bihar School Fee Hike:शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने निजी विद्यालयों की कथित मनमानी और अभिभावकों से अवैध वसूली के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सरकार निजी स्कूलों की ओर से अभिभावकों पर डाले जा रहे अनावश्यक आर्थिक बोझ को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कई निजी विद्यालयों में फीस, अन्य शुल्क और सुविधाओं के नाम पर अभिभावकों से अनुचित वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं। सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है और जल्द ही सभी निजी विद्यालयों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से एक विस्तृत स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर यानी SOP तैयार किया जा रहा है। इस SOP के जरिए निजी विद्यालयों की फीस व्यवस्था, नियमों के पालन और अभिभावकों के हितों से जुड़े मामलों को लेकर स्पष्ट व्यवस्था बनाई जाएगी।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस दिशा में पहले से ही कार्रवाई शुरू कर दी गई है। SOP जारी होने के बाद सभी निजी विद्यालयों को निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूलों पर विभागीय स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने दो टूक कहा कि शिक्षा के नाम पर किसी भी तरह का आर्थिक शोषण स्वीकार नहीं किया जाएगा। सरकार की प्राथमिकता बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ अभिभावकों के हितों की रक्षा करना है। शिक्षा मंत्री के इस बयान के बाद निजी विद्यालयों में हड़कंप मच गया है। अब देखना होगा कि सरकार की नई गाइडलाइन लागू होने के बाद फीस और अन्य शुल्क को लेकर अभिभावकों को कितनी राहत मिलती है।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा