Bihar Education News: शिक्षकों के लिए शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान, ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू, 17 सितंबर को फिर खुलेगा पोर्टल, TRE-4 भर्ती पर भी दिया बड़ा अपडेट

Bihar Education News: बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षकों के स्थानांतरण, TRE-4 भर्ती, सरकारी स्कूलों में गुणवत्ता सुधार और नई शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। ..

Bihar Starts Teacher Transfers TRE 4 Update Announced
शिक्षकों के लिए शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान- फोटो : social Media

Bihar Education News:  बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षकों के स्थानांतरण, TRE-4 भर्ती, सरकारी स्कूलों में गुणवत्ता सुधार और नई शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। पटना के मदन मोहन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षकों के ऐच्छिक स्थानांतरण के लिए 29 जुलाई से खोला गया ई-शिक्षा पोर्टल 5 अगस्त की रात 12 बजे बंद हो चुका है और अब स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं, जो शिक्षक इस बार आवेदन नहीं कर सके, उन्हें 17 सितंबर से दोबारा मौका दिया जाएगा, जब सामान्य स्थानांतरण के लिए पोर्टल फिर खोला जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि विभाग को कुल 1,06,687 आवेदन मिलने की संभावना थी, लेकिन 73,151 शिक्षकों ने स्थानांतरण के लिए आवेदन किया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह ऐच्छिक (स्वैच्छिक) ट्रांसफर की प्रक्रिया है और अब इसे हर पांच वर्ष पर नियमित रूप से लागू किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि यह लंबे समय से शिक्षक संगठनों की प्रमुख मांग थी और मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद इसे अमल में लाया गया है।

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षा विभाग का लक्ष्य 31 अक्टूबर तक शिक्षकों से जुड़ी सभी प्रमुख समस्याओं का समाधान करना है। इसके बाद विभाग शिक्षकों से भी अपेक्षा करेगा कि वे सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में पूरी जिम्मेदारी निभाएं और छात्रों के बेहतर भविष्य के लिए समर्पित होकर कार्य करें।

उन्होंने घोषणा की कि 9 और 10 अगस्त को राज्यभर के शिक्षा अधिकारियों का 'चिंतन शिविर' आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, विभागीय समन्वय मजबूत करने और सरकारी स्कूलों में गुणवत्ता सुधार के उपायों पर विस्तार से मंथन होगा।

शिक्षा मंत्री ने यह भी बताया कि विभाग ने नई अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके तहत शनिवार को सभी सरकारी स्कूलों में 'हाफ डे' रहेगा। इसके साथ ही शनिवार को 'नो बैग डे' के रूप में मनाया जाएगा, ताकि बच्चों को किताबों के बोझ से राहत मिले और विद्यालयों में रचनात्मक गतिविधियों, कला, खेल, संगीत और अन्य नवाचार आधारित शिक्षण को बढ़ावा दिया जा सके।

TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर पूछे गए सवाल पर मिथिलेश तिवारी ने कहा कि भर्ती की अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी गई है। अब विज्ञापन जारी करना और आगे की प्रक्रिया पूरी करना आयोग के अधिकार क्षेत्र में है। उन्होंने संकेत दिया कि अभ्यर्थियों को अब बीपीएससी की अधिसूचना का इंतजार करना होगा।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि सरकारी स्कूलों में भी निजी विद्यालयों जैसी आधुनिक और बेहतर व्यवस्था विकसित की जाए। इसके लिए फाइन आर्ट, संगीत और अन्य विषयों में भी शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

अंत में उन्होंने शिक्षक संगठनों से संवाद की अपील करते हुए कहा कि कई संगठन अब तक उनसे मिलने नहीं आए हैं। सरकार सभी पक्षों से बातचीत के लिए तैयार है और जो संगठन विरोध कर रहे हैं, वे भी संवाद के माध्यम से अपनी बात रखें। विभाग सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करेगा और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हर संभव कदम उठाएगा।