रचनात्मक शिक्षण का मिला सम्मान, नवगछिया की शिक्षिका गुड़िया कुमारी को प्रमंडलस्तरीय शिक्षक सम्मान

Bihar Teacher: शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करने वाली शिक्षिका को सम्मानित किया गया है....

Bihar Teacher Gudia Kumari Honoured for Innovative Teaching
रचनात्मक शिक्षण का मिला सम्मान- फोटो : reporter

Bihar Teacher: शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करने वाली भागलपुर के नवगछिया के  प्राथमिक विद्यालय मंडल टोला, तुलसीपुर (खरीक) की शिक्षिका गुड़िया कुमारी को प्रमंडलस्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया है। उन्हें बच्चों के लिए रचनात्मक, गतिविधि आधारित और प्रभावी शिक्षण पद्धति अपनाने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

तिलकामांझी स्थित वृंदावन कॉन्फ्रेंस हॉल में ‘मेरा मोबाइल–मेरी शिक्षा’ अभियान के तहत आयोजित समारोह में गुड़िया कुमारी को स्मृति-चिह्न और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भागलपुर जिले के 58 और बांका जिले के 60, यानी कुल 118 उत्कृष्ट शिक्षकों को उनके उल्लेखनीय शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इन चयनित शिक्षकों में गुड़िया कुमारी का नाम शामिल होना प्राथमिक विद्यालय मंडल टोला, तुलसीपुर के साथ-साथ पूरे खरीक प्रखंड के लिए गर्व की बात मानी जा रही है। उनके सम्मानित होने पर शिक्षा जगत और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।

गुड़िया कुमारी अपनी रचनात्मक शिक्षण शैली, कार्यकुशलता और बच्चों के प्रति समर्पण के लिए जानी जाती हैं। वे कक्षा में संगीत, खेल, गतिविधि आधारित शिक्षण और विभिन्न नवाचारों का उपयोग कर पढ़ाई को बच्चों के लिए सरल, रोचक और आनंददायक बनाती हैं। उनका मानना है कि जब पढ़ाई को बच्चों के अनुभव और रुचि से जोड़ा जाता है, तो सीखने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी हो जाती है।

उन्होंने कहा कि संगीत, गतिविधि आधारित शिक्षण और नवाचार के माध्यम से छात्रों में सीखने की जिज्ञासा बढ़ाई जा सकती है। यही कारण है कि उनके विद्यालय में बच्चे पढ़ाई में अधिक रुचि लेते हैं और बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचारी शिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।

रिपोर्ट- बालमुकुंद शर्मा