Bihar teacher News: गुरु जी की अब नहीं चलेगी लापरवाही! ट्रेनिंग से गायब रहना पड़ेगा महंगा, शिक्षा विभाग का सख्त फरमान, ना आए तो ये कार्रवाई तय

Bihar teacher News: बिहार में शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के लिए ऐसा कड़ा फरमान जारी किया है, जिसने पूरे महकमे में हलचल मचा दी है। ...

Bihar teacher News: गुरु जी की अब नहीं चलेगी लापरवाही! ट्रेन
गुरु जी की अब नहीं चलेगी लापरवाही!- फोटो : X

Bihar teacher News: बिहार में शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के लिए ऐसा कड़ा फरमान जारी किया है, जिसने पूरे महकमे में हलचल मचा दी है। अब पांच दिवसीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होना सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि जरुरी आदेश  बन गया है। साफ चेतावनी दी गई है अगर कोई शिक्षक ट्रेनिंग से गैरहाज़िर रहता है, तो उस दिन की तनख्वाह काट ली जाएगी और साथ ही अनुशासनिक कार्रवाई का डंडा भी चल सकता है।

विभाग के इस नए आदेश ने शिक्षकों के बीच खौफ और बेचैनी का माहौल बना दिया है। अगले सप्ताह से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में हर चयनित शिक्षक की मौजूदगी अनिवार्य कर दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे इसकी निगरानी करें और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त न करें।

हालांकि विभाग ने एक राहत की गुंजाइश भी रखी है। निर्देश है कि एक ही स्कूल से उतने ही शिक्षकों को ट्रेनिंग के लिए बुलाया जाए, जिससे पढ़ाई-लिखाई का काम ठप न पड़े। यानी सिस्टम को संतुलित रखने की कोशिश भी साथ-साथ की जा रही है।शिक्षा विभाग का कहना है कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत शिक्षकों का लगातार कौशल विकास जरूरी है, ताकि शिक्षा का स्तर बेहतर हो सके। इसी के तहत हर साल सेवाकालीन प्रशिक्षण को अनिवार्य किया गया है। इस साल करीब साढ़े तीन लाख शिक्षकों को इस ‘ट्रेनिंग मिशन’ में शामिल किया जाएगा, जबकि बाकी को अगले साल मौका मिलेगा।

इस पूरे प्रोग्राम का खाका राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने तैयार किया है, जबकि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के जरिए इसे जमीन पर उतारा जाएगा। ट्रेनिंग में विषय विशेषज्ञ, डायट के व्याख्याता और कई नामी संस्थाओं की एक्सपर्ट टीम भी शामिल होगी।

कुल मिलाकर, शिक्षा विभाग का यह सख्त कदम साफ इशारा दे रहा है अब लापरवाही का खेल नहीं चलेगा। या तो ट्रेनिंग में शामिल होइए, या फिर कार्रवाई के लिए तैयार रहिए।