Bihar Teacher Transfer:बिहार शिक्षक ट्रांसफर प्रक्रिया ने पकड़ी रफ्तार, 61 हजार से ज्यादा आवेदन, अब स्क्रूटनी से लेकर ट्रांसफर तक का पूरा शेड्यूल जारी

Bihar Teacher Transfer: बिहार के सरकारी शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर शिक्षा विभाग ने बड़ा अपडेट जारी किया है।....

Bihar Teacher Transfer 61K Apply Full Schedule Released
बिहार शिक्षक ट्रांसफर प्रक्रिया ने पकड़ी रफ्तार- फोटो : social Media

Bihar Teacher Transfer: बिहार के सरकारी शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर शिक्षा विभाग ने बड़ा अपडेट जारी किया है। ई-शिक्षा कोष पोर्टल के जरिए शुरू की गई ऑनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया में 61 हजार 558 शिक्षकों ने समायोजन (एडजस्टमेंट) और पारस्परिक (म्यूचुअल) तबादले के लिए आवेदन किया है। लंबे समय से स्थानांतरण का इंतजार कर रहे शिक्षकों के बीच इस प्रक्रिया को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। अब आवेदन की समय सीमा पूरी होने के बाद विभाग ने जांच, सत्यापन और अंतिम स्थानांतरण का पूरा कार्यक्रम तय कर दिया है।

शिक्षा विभाग के अनुसार, 7 अगस्त से 9 सितंबर तक सभी प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी और सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समिति पात्रता, दस्तावेजों और निर्धारित मानकों की जांच कर अंतिम फैसला लेगी। इसके बाद 10 से 14 सितंबर के बीच पात्र शिक्षकों के म्यूचुअल (पारस्परिक) स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

विभाग ने सामान्य स्थानांतरण (जनरल ट्रांसफर) का कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है। 16 सितंबर को विद्यालयवार रिक्त पदों की संशोधित सूची जारी होगी। इसके बाद 17 से 23 सितंबर तक इच्छुक शिक्षक सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इन आवेदनों की जांच के बाद 24 सितंबर से 31 अक्टूबर के बीच चरणबद्ध तरीके से सामान्य ट्रांसफर की सूची जारी कर पूरी प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्थानांतरण की यह पूरी व्यवस्था स्वैच्छिक (ऐच्छिक) है। यानी जिन शिक्षकों ने आवेदन नहीं किया है, उनका विभाग अपने स्तर पर तबादला नहीं करेगा। केवल उन्हीं मामलों पर विचार होगा, जिनके लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन किया गया है।

विभाग का कहना है कि ट्रांसफर प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन, पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध बनाया गया है। स्क्रूटनी के दौरान सभी आवेदनों का बारीकी से सत्यापन होगा और उसके बाद पात्र शिक्षकों की म्यूचुअल तथा सरप्लस श्रेणी की स्थानांतरण सूची जारी की जाएगी। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी आवेदन प्रक्रिया से जुड़े विस्तृत आंकड़े भी सार्वजनिक करेंगे। बड़ी संख्या में आए आवेदनों को देखते हुए माना जा रहा है कि वर्षों से तबादले का इंतजार कर रहे हजारों शिक्षकों को इस नई व्यवस्था से राहत मिलने की उम्मीद है। अब शिक्षकों की निगाहें स्क्रूटनी प्रक्रिया पूरी होने और पहली ट्रांसफर सूची जारी होने पर टिकी हैं, क्योंकि इसी के बाद उनके नए पदस्थापन का रास्ता साफ होगा।