CUET-UG 2026: NTA का बड़ा फैसला, 3,765 अभ्यर्थियों को 6 और 7 जून को फिर मिलेगा परीक्षा का मौका, यहां मिलेगा एडमिट कार्ड

NTA ने बताया कि 30 मई को आयोजित परीक्षा के दौरान देशभर के कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी सामने आई थी। इसलिए अब फिर से परीक्षा देने का अवसर दिया जा रहा है

CUET-UG 2026 retest date
CUET-UG 2026 retest date - फोटो : news4nation

CUET-UG 2026 : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने CUET-UG 2026 परीक्षा में तकनीकी बाधा से प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान कर दिया है। एजेंसी के अनुसार, प्रभावित उम्मीदवारों की परीक्षा अब 6 और 7 जून को आयोजित की जाएगी। इसके लिए संशोधित एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in. पर जारी कर दिए गए हैं।


NTA ने बताया कि 30 मई को आयोजित परीक्षा के दौरान देशभर के कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी सामने आई थी। कंप्यूटर आधारित परीक्षा शुरू होने में देरी होने के कारण हजारों छात्र प्रभावित हुए। कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ छात्र असमंजस की स्थिति में परीक्षा केंद्र छोड़कर चले गए।


एजेंसी के मुताबिक, कुल 3,765 ऐसे अभ्यर्थी चिन्हित किए गए हैं जिन्होंने बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराई थी, लेकिन तकनीकी समस्या के चलते परीक्षा पूरी नहीं दे सके। ऐसे उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा। NTA ने कहा कि किसी भी छात्र का नुकसान न हो, इसे ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। साथ ही तकनीकी गड़बड़ी के कारणों की जांच के लिए टेक्नोलॉजी सर्विस प्रोवाइडर से रूट-कॉज एनालिसिस रिपोर्ट भी मांगी गई है।


गौरतलब है कि CUET-UG देशभर की केंद्रीय, राज्य, डीम्ड और निजी विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली प्रमुख प्रवेश परीक्षा है। इस वर्ष परीक्षा पूरी तरह कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जा रही है।