बिना अंग्रेजी बोले भी विदेश में मिल सकती है नौकरी! बस भारत की इन यूनिवर्सिटी से करें पढ़ाई
विदेशी भाषाएं सीखकर विदेश में करियर बनाएं। DU, BHU, JNU जैसे विश्वविद्यालयों में जर्मन, फ्रेंच, स्पैनिश कोर्स उपलब्ध हैं। अनुवादक, टूर गाइड के रूप में अवसर। सालाना 3-8 लाख तक की कमाई।

हर साल लाखों भारतीय विदेश में पढ़ाई और काम करने का सपना देखते हैं। अंग्रेजी बोलने वाले देशों में यह सफर आसान है, जबकि कई ऐसे देश हैं जहां अंग्रेजी नहीं बोली जाती। ऐसे में वहां पढ़ाई या काम करने के लिए विदेशी भाषा सीखना जरूरी हो जाता है। अच्छी बात यह है कि भारत में कई प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय हैं, जहां से आप जर्मन, फ्रेंच, स्पेनिश, जापानी, कोरियाई जैसी भाषाएं सीख सकते हैं और विदेश में शानदार करियर बना सकते हैं।
विदेशी भाषा सीखने से न सिर्फ दूसरे देशों में पढ़ाई और काम करने के मौके मिलते हैं, बल्कि अनुवादक, टूर गाइड, अंतरराष्ट्रीय व्यापार, दूतावास और विदेशी भाषा शिक्षण जैसी नौकरियों में भी जबरदस्त संभावनाएं हैं। अनुवादक की सालाना सैलरी 3 से 8 लाख रुपये तक हो सकती है, जबकि द्विभाषी ग्राहक सेवा पेशेवर 2 से 5 लाख रुपये तक कमा सकते हैं।
भारत में कई विश्वविद्यालय हैं जहां विदेशी भाषाएं पढ़ाई जाती हैं। इनमें सबसे पहला है दिल्ली विश्वविद्यालय (DU)। दिल्ली विश्वविद्यालय आधुनिक अरबी, पाली, तिब्बती, फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश, इतालवी और फारसी जैसी भाषाओं में सर्टिफिकेट कोर्स कराता है। एडमिशन के लिए 12वीं पास होना जरूरी है।
दूसरे नंबर पर बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) है। BHU स्नातक, डिप्लोमा और स्नातकोत्तर स्तर पर विदेशी भाषा के कोर्स कराता है। यहां फ्रेंच, स्पेनिश, रूसी और चीनी भाषाएं पढ़ाई जाती हैं। इसके बाद जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) का नंबर आता है। JNU दिल्ली का एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय है, जहां स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी स्तर के कोर्स में जर्मन, रूसी, स्पेनिश, जापानी, कोरियाई और चीनी भाषाएं पढ़ाई जाती हैं।
अमृतसर स्थित गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (GNDU) फ्रेंच, चीनी, जर्मन, जापानी और रूसी भाषाओं में डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स कराता है। इसके अलावा हैदराबाद स्थित इंग्लिश एंड फॉरेन लैंग्वेज यूनिवर्सिटी (EFLU) फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश, रूसी, इतालवी और कई अन्य विदेशी भाषाओं में कोर्स कराता है।
अगर आप विदेश में काम करना चाहते हैं लेकिन अंग्रेजी में आपकी पकड़ मजबूत नहीं है, तो विदेशी भाषा सीखना आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है। भारत में कई प्रतिष्ठित संस्थान हैं, जहां से आप विदेशी भाषा सीखकर अपने सपनों को पंख दे सकते हैं। तो देर किस बात की? आज ही इन यूनिवर्सिटी में एडमिशन लें और अपने करियर को नई उड़ान दें