Bihar School News: मिड-डे मील के लिए पढ़ाई छोड़ स्कूल के बच्चों से कराई जा रही बाजार से खरीदारी, प्रधानाध्यापक पर लगे गंभीर आरोप

Bihar School News: बिहार में विद्यालयों के मिड-डे मील व्यवस्था को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन एक तस्वीर ने शिक्षा व्यवस्था और स्कूल प्रशासन दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।...

Katihar School Students Seen Buying Vegetables Video Viral
पढ़ाई छोड़ कर खरीददारी करते स्कूली बच्चे- फोटो : reporter

Bihar School News: बिहार में विद्यालयों के मध्यान भोजन यानी मिड-डे मील व्यवस्था को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन कटिहार से सामने आई एक तस्वीर ने शिक्षा व्यवस्था और स्कूल प्रशासन दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां स्कूल के बच्चे पढ़ाई करने के बजाय बाजार में सब्जी और किराने का सामान खरीदते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामला कटिहार जिले के मनिहारी अनुमंडल स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बौलिया का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने छात्र बाजार में सब्जी और राशन खरीदते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई और लोग स्कूल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाने लगे।

छात्रों का कहना है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने उन्हें मध्यान भोजन के लिए सब्जी और अन्य किराने का सामान खरीदने बाजार भेजा था। बच्चों के इस बयान के बाद मिड-डे मील व्यवस्था को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर बच्चों से स्कूल समय में इस तरह का काम क्यों कराया गया और क्या यह नियमों के खिलाफ नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन यहां छात्र बाजार में सामान खरीदते नजर आ रहे हैं। इससे शिक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियां उजागर हो रही हैं।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद कटिहार जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच कराने की बात कही है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर बच्चों से ही मिड-डे मील का सामान मंगवाया जाएगा तो उनकी पढ़ाई और सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह