NEET Exam Paper Leak: 'अब नहीं देनी परीक्षा… NEET एग्जाम कैंसिल होने से टूट गया छात्र, सुसाइड नोट में छलका दर्द

NEET Exam Paper Leak: गोवा में NEET परीक्षा रद्द होने से परेशान 17 साल के छात्र ने घर में आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 NEET Exam Paper Leak
छात्र की आत्महत्या से मचा हड़कंप- फोटो : freepik

NEET Exam Paper Leak: गोवा के कर्टोरिम इलाके से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां 17 साल के एक छात्र ने अपने घर में आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि छात्र NEET परीक्षा रद्द होने से काफी परेशान था। पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा रद्द होने की खबर से वह मानसिक तनाव में था।

जानकारी के अनुसार, यह छात्र मडगांव के एक हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाई करता था। आत्महत्या से पहले उसने एक नोट भी लिखा था। नोट में उसने कहा कि अब वह किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में शामिल नहीं होना चाहता।पुलिस के मुताबिक, छात्र ने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या की। घटना के समय उसकी मां और बहन अपने पैतृक गांव गई हुई थीं। जब उसके पिता, जो रेलवे में गार्ड के पद पर काम करते हैं, घर लौटे तो उन्होंने बेटे का शव देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।बताया गया है कि यह परिवार मूल रूप से बेंगलुरु का रहने वाला है और फिलहाल गोवा के कर्टोरिम में रह रहा था।

NEET परीक्षा और पेपर लीक विवाद

मैना-कर्टोरिम पुलिस स्टेशन ने इस मामले को अप्राकृतिक मौत के तौर पर दर्ज किया है। शव को दक्षिण गोवा जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मैना-कर्टोरिम के पुलिस इंस्पेक्टर कपिल नाइक ने कहा कि मामले की आगे जांच जारी है। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं NEET परीक्षा और पेपर लीक विवाद को लेकर छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता भी बढ़ गई है।