Bihar Education News: स्कूल या मजदूरी का अड्डा? बेगूसराय में बच्चों से जलावन उतरवाने का वीडियो वायरल, हेडमास्टर पर उठे सवाल
Bihar Education News:वीडियो में स्कूली बच्चों से जलावन से भरी गाड़ी खाली करवाते देखा जा रहा है। इस घटना ने इलाके में नाराज़गी और ग़ुस्से का माहौल पैदा कर दिया है।...
Bihar Education News: बेगूसराय के बछवाड़ा प्रखंड से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चमथा तीन पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय चमथा नंबर से वायरल इस वीडियो में स्कूली बच्चों से लकड़ी से भरी गाड़ी खाली करवाते देखा जा रहा है। इस घटना ने इलाके में नाराज़गी और ग़ुस्से का माहौल पैदा कर दिया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, तपती धूप में बच्चों से जबरन यह काम कराया गया। आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजीत कुमार ने छात्रों के मना करने के बावजूद उनसे गाड़ी खाली करवाई। ग्रामीण नीतेश यादव का कहना है कि बच्चे पढ़ाई के लिए स्कूल जाते हैं, मजदूरी करने के लिए नहीं।
बताया जा रहा है कि जब इस मामले पर प्रधानाध्यापक से सवाल किया गया, तो उन्होंने कथित तौर पर कहा जहां जाना है जाओ, कोई कुछ नहीं कर सकता। इस बयान ने आग में घी डालने का काम किया और लोगों का गुस्सा और भड़क गया।
वायरल वीडियो के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग भी हरकत में आया है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी निर्मला कुमारी ने मामले पर संज्ञान लेते हुए कहा है कि वीडियो की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना सिर्फ एक स्कूल तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम पर सवाल उठाती है क्या बच्चों से इस तरह काम करवाना जायज है? क्या शिक्षा के मंदिर में मासूमों के हक़ का हनन हो रहा है? प्रशासन की जांच का इंतजार है, लेकिन इस वायरल वीडियो ने यह साफ कर दिया है कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे मामले बच्चों के भविष्य पर गहरा असर डाल सकते हैं।
रिपोर्ट- अजय शास्त्री