बिहार के युवाओं के साथ अन्याय और विश्वासघात कर रही है NDA सरकार ! तेजस्वी का सम्राट सरकार पर बड़ा हमला

उन्होंने कहा कि साल 2024 और 2025 बीत गए, लोकसभा चुनाव हो गए, विधानसभा चुनाव हो गए, 2 मुख्यमंत्री और 4 उपमुख्यमंत्री बदल गए। समूचा मंत्रिमंडल बदला। NDA नेताओं के शहजादों को बिना चुनाव लड़े डायरेक्ट मंत्री पद बांट दिए गए।

Tejashwi Yadav on TRE-4 vacancies in Bihar
Tejashwi Yadav on TRE-4 vacancies in Bihar- फोटो : news4nation

पटना में TRE-4 बहाली को लेकर अभ्यर्थियों के आंदोलन पर पुलिस लाठीचार्ज और छात्र नेताओं की गिरफ्तारी के मुद्दे पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को आड़े हाथो लिया है। उन्होंने गुरुवार को सोशल मीडिया पर किये एक पोस्ट में लिखा है कि बिहार के युवाओं के साथ अन्याय और विश्वासघात कर रही है NDA सरकार। बिहार के युवा तो वहीं मांग रहे हैं, वही याद दिला रहे है जो एनडीए ने चुनाव पूर्व 1 करोड़ नौकरी का वादा किया था। फिर युवाओं पर अब ये अत्याचार क्यों? TRE-4 परीक्षा की मांग करना अपराध कैसे? पेपरलीक का विरोध करना गुनाह कैसे? क्यों बिहार के युवाओं पर बार-बार लाठीचार्ज हो रहा है?


उन्होंने कहा, यदि पुलिस के इस्तेमाल का इतना ही शौक है तो NDA सरकार भ्रष्टाचार और अपराध रोकने के लिए, अपराधियों के खिलाफ करें, बिहार के युवाओं पर बार-बार ये लाठीचार्ज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा लगता है कि टीआरई-4 की वैकेंसी जारी करने की इस सरकार की नीयत ही नहीं है। अन्यथा हमने अपने केवल 𝟏𝟕 महीने के कार्यकाल में बिना पेपरलीक के सफलतापूर्वक 𝐓𝐑𝐄-𝟏 एव 𝐓𝐑𝐄--𝟐 के तहत 𝟐 लाख से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की तथा 𝟏 लाख 𝟑𝟎 हजार पदों पर बहाली प्रक्रियाधीन कराई थी।


नेताओं के शहजादों को मंत्री पद

उन्होंने कहा कि साल 2024 और 2025 बीत गए, लोकसभा चुनाव हो गए, विधानसभा चुनाव हो गए, 2 मुख्यमंत्री और 4 उपमुख्यमंत्री बदल गए। समूचा मंत्रिमंडल बदला। NDA नेताओं के शहजादों को बिना चुनाव लड़े डायरेक्ट मंत्री पद बांट दिए गए। नई सरकार के गठन के 6 महीने बीत गए, लेकिन अब तक TRE-4  की वैकेंसी नहीं आई,  टीआरई-4 से जुड़ा कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है।


रील्स बनाने में व्यस्त 

तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा, मुख्यमंत्री और मंत्री रील्स बना रहे हैं, बड़े-बड़े बयान दे रहे हैं। लेकिन युवाओं के भविष्य की इस सरकार को जरा भी चिंता नहीं है। चुनाव से पहले युवाओं के सामने हाथ जोड़ने वाले NDA नेताओं की सरकार में आज परीक्षा की मांग करने पर लाठियां मिल रही है। NDA का ये छल-कपट बिहार के युवा कभी नहीं भूलेंगे।

नरोत्तम की रिपोर्ट