ट्रेनिंग कॉलेज के नाश्ते में निकला कीड़ा, पूड़ी में बड़ा पतंगा देखकर भड़के 233 शिक्षक, मचा हड़कंप, एजेंसी पर कार्रवाई की मांग

Bihar News: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित बाढ़ टीचर ट्रेनिंग महाविद्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब शिक्षकों को परोसे गए सुबह के नाश्ते में एक बड़ा कीड़ा निकल आया।...

Worm Found in Teachers Breakfast at Barh Training College
ट्रेनिंग कॉलेज के नाश्ते में निकला कीड़ा- फोटो : reporter

Bihar News: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित बाढ़ टीचर ट्रेनिंग महाविद्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब शिक्षकों को परोसे गए सुबह के नाश्ते में एक बड़ा कीड़ा निकल आया। इस घटना के बाद प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे शिक्षकों में भारी नाराजगी फैल गई और उन्होंने नाश्ता करने से साफ इनकार कर दिया। मामला सामने आते ही कॉलेज प्रशासन में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, महाविद्यालय में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम में करीब 233 शिक्षक भाग ले रहे हैं। गुरुवार सुबह जब सभी शिक्षक नाश्ता करने पहुंचे, तभी एक शिक्षक की पूड़ी के बीच से बड़ा कीड़ा निकल आया। कीड़ा दिखते ही वहां मौजूद शिक्षकों में आक्रोश फैल गया और भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूड़ी में कीड़ा मिलने की सूचना कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में फैल गई। इसके बाद कई शिक्षकों ने नाश्ता लेने से मना कर दिया और भोजन व्यवस्था के खिलाफ विरोध जताया। शिक्षकों का कहना था कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने वालों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन ऐसी लापरवाही स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ के समान है।

घटना के बाद शिक्षकों ने तत्काल महाविद्यालय की प्राचार्या से शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने भी त्वरित संज्ञान लिया। प्राचार्या निशा यादव ने बताया कि घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और भोजन उपलब्ध कराने वाली एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्राचार्या ने कहा कि नाश्ते की आपूर्ति करने वाली एजेंसी सत्यम इंटरप्राइजेज को कारण बताओ नोटिस भेजने और उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इस घटना ने प्रशिक्षण संस्थानों में भोजन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षकों का कहना है कि जब प्रशिक्षण कार्यक्रमों में ही भोजन की ऐसी स्थिति होगी तो इससे प्रतिभागियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और संबंधित एजेंसी से जवाब तलब किया गया है। पूड़ी में कीड़ा मिलने की यह घटना पूरे प्रशिक्षण केंद्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और शिक्षक दोषी एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्ट- रविशंकर सिंह