PATNA : आम आदमी पार्टी बिहार की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आज प्रदेश कार्यालय, पटना में प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं संगठन के प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के प्रमुख निर्णय:
"बिहार में भी केजरीवाल" यात्रा: बिहार के विभिन्न जिलों में आम आदमी पार्टी की विचारधारा और दिल्ली मॉडल को जन-जन तक पहुँचाने के लिए "बिहार मैं भी केजरीवाल" जनसम्पर्क यात्रा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। प्रथम चरण की यात्रा 2 अप्रैल 2025 से प्रारंभ होकर 5 अप्रैल 2025 तक चलेगी। यात्रा के दौरान पार्टी के नेता व कार्यकर्ता प्रदेश के विभिन्न जिलों में जनता से संवाद करेंगे और आगामी चुनाव के लिए समर्थन जुटाएंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की रणनीति:
बैठक में आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर गहन चर्चा हुई। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और डिजिटल प्रचार रणनीति को सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया गया। बिहार में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत करने के लिए प्रदेश स्तर से लेकर जिला और ब्लॉक स्तर तक कार्यकारिणी पुनर्गठन की रूपरेखा तैयार की गई। नए सक्रिय कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ देने और सदस्यता अभियान को तेज़ी से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा, "बिहार में आम आदमी पार्टी बदलाव की राजनीति लेकर आई है। जनता अब भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और शिक्षा-स्वास्थ्य की बदहाली से मुक्ति चाहती है। हम बिहार में सच्ची और इमानदार राजनीति को स्थापित करने के लिए संकल्पित हैं।" आगामी कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश है। बैठक में लिए गए निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को ज़िम्मेदारी दी गई है।