Bihar Election 2025: दुलारचंद की मौत के बाद मोकामा का बदला सियासी मंजर, अनंत सिंह के पक्ष में आज ललन सिंह तो कल सीएम नीतीश संभालेंगे मोर्चा

Bihar Election 2025: दुलारचंद यादव की मौत...अनंत सिंह की गिरफ्तारी और 14 दिनों के न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद अब मोकामा के सियासी मैदान में खुद केंद्रीय मंत्री ललन सिंह उतर गए हैं...

ललन सिंह अनंत सिंह
ललन सिंह आज मोकामा में करेंगे रैली - फोटो : social media

Bihar Election 2025:  बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। चुनाव प्रचार का दौर जारी है। इसी बीच मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या और जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह के जेल जाने के बाद सियासत और गरमा गई है। पहले चरण की वोटिंग से पहले मोकामा सीट पर सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। अनंत सिंह के जेल जाने के बाद अब केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने मोकमा विधानसभा चुनाव का कमान अपने हाथों में ले लिया है। आज से ललन सिंह कैंप करने वाले हैं। अनंत सिंह के समर्थन में आज ललन सिंह मोकामा में रैली करेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार 4 नवंबर को सीएम नीतीश भी मोकामा में सभा को संबोधित कर सकते हैं।  

ललन सिंह करेंगे कैंप 

दरअसल, रविवार 30 अक्टूबर को यहां बड़ा बवाल तब हुआ जब मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई। इस मामले में जेडीयू प्रत्याशी और बाहुबली नेता अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अब चुनाव प्रचार की कमान खुद केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने संभाल ली है। ललन सिंह मुंगेर लोकसभा सीट से सांसद हैं, जिसके अंतर्गत मोकामा विधानसभा क्षेत्र आता है।

3 नवंबर को ललन सिंह करेंगे प्रचार

अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद अब ललन सिंह सोमवार, 3 नवंबर को मोकामा में जनसभाएं करेंगे और पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में वोट मांगेंगे। उनका दिनभर का कार्यक्रम तय कर लिया गया है। ललन सिंह सड़क मार्ग से पटना से रवाना होकर पंडारक पश्चिम गांव पहुंचेंगे। इसके बाद वे पंडारक पूर्वी, कन्हाईपुर, सुल्तानपुर, मोर पश्चिम, मोर पूर्वी, बरहपुर, शिवनर, छत्रपुर और मोकामा नगर परिषद क्षेत्र में जनसंपर्क करेंगे।

हिंसा और हत्या के बाद बिगड़े हालात

30 अक्टूबर को मोकामा के तारतर इलाके में दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प हो गई थी, जिसमें दुलारचंद यादव की मौत हो गई। शुरुआती जांच में यह सामने आया कि घटना के दौरान अनंत सिंह मौके पर मौजूद थे और उन्होंने आचार संहिता का उल्लंघन किया था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

क्या जेल से जीत पाएंगे ‘छोटे सरकार’?

अनंत सिंह मोकामा सीट से 2005 से लगातार राजनीति में मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं और अब तक पांच बार विधायक रह चुके हैं। 2020 में उन्होंने राजद के टिकट पर जीत हासिल की थी, लेकिन एक मामले में सजा मिलने के बाद उनकी सदस्यता रद्द हो गई। 2022 के उपचुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी ने राजद प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की थी। इस बार भी हालात कुछ वैसे ही बन रहे हैं अनंत सिंह जेल में हैं, जबकि जेडीयू उनकी उम्मीदों को जिंदा रखे हुए है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ‘छोटे सरकार’ इस बार भी जेल से जीत की पटकथा लिख पाएंगे।