Bihar Elections Survey 2025: बिहार सर्वे की बड़ी तस्वीर आई सामने, तेजस्वी जनता के दिलों के सीएम पर सत्ता की कुर्सी से अभी दूर, एनडीए को मिल रही बढ़त

सर्वे में तेजस्वी यादव को जनता का सबसे पसंदीदा मुख्यमंत्री उम्मीदवार बताया गया है, लेकिन महागठबंधन को बहुमत से पीछे रहने का अनुमान लगाया गया है।...

Bihar Elections Survey 2025
बिहार सर्वे की बड़ी तस्वीर आई सामने- फोटो : social Media

Bihar Elections Survey 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र जारी ताज़ा जेवीसी ओपिनियन पोल ने सूबे की राजनीति में नई हलचल मचा दी है। इस सर्वे में तेजस्वी यादव को जनता का सबसे पसंदीदा मुख्यमंत्री उम्मीदवार बताया गया है, लेकिन महागठबंधन  को बहुमत से पीछे रहने का अनुमान लगाया गया है।वहीं, एनडीए  को फिर से सरकार बनाने की स्थिति में बताया गया है।

 एनडीए को बढ़त, महागठबंधन को झटका

सर्वे के अनुसार, बिहार की 243 विधानसभा सीटों में से एनडीए को 120 से 140 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि महागठबंधन को 93 से 112 सीटों तक सीमित बताया गया है।बहुमत के लिए आवश्यक आंकड़ा 122 सीटें है।इसका मतलब यह हुआ कि तेजस्वी भले ही लोकप्रियता में आगे हैं, लेकिन गठबंधन समीकरण के लिहाज़ से एनडीए आगे चल रहा है।

पार्टीवार संभावित प्रदर्शन

गठबंधन / पार्टी         अनुमानित सीटें        प्रमुख चेहरा

भाजपा (BJP)            70–81                   सम्राट चौधरी

जदयू (JDU)             42–48               नीतीश कुमार

लोजपा (रामविलास)    5–7                  चिराग पासवान

आरजेडी (RJD)       69–78                  तेजस्वी यादव

कांग्रेस (INC)           9–17          अजीत शर्मा / शकील अहमद

अन्य                         5–10    जन सुराज, वीआईपी आदि

साफ़ संकेत है कि भाजपा अकेले सबसे बड़ी पार्टी बन सकती है, जबकि जदयू थोड़ा पीछे रह सकती है।महागठबंधन में आरजेडी भले ही मजबूत दिख रही हो, लेकिन कांग्रेस के कमजोर प्रदर्शन से सीटों का घाटा तय माना जा रहा है।

तेजस्वी सबसे लोकप्रिय सीएम उम्मीदवार

सर्वे के मुताबिक़, तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद के लिए 33% जनता ने पसंद किया है।उनके बाद दूसरे नंबर पर मौजूदा सीएम नीतीश कुमार हैं, जिन्हें 29% वोटर्स ने चुना है।तीसरे पायदान पर चिराग पासवान और प्रशांत किशोर हैं, दोनों को 10-10% समर्थन मिला है।जबकि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और अन्य नेताओं को 5% से कम समर्थन मिला।

लोकप्रिय सीएम उम्मीदवारों की लिस्ट:

तेजस्वी यादव – 33%

नीतीश कुमार – 29%

प्रशांत किशोर – 10%

चिराग पासवान – 10%

अन्य – 18%

सर्वे एजेंसी: जेवीसी पोल 

सर्वे अवधि: 23 से 30 अक्टूबर 2025

नमूना आकार: 32,657 मतदाता

सर्वे पद्धति: फोन कॉल और व्यक्तिगत साक्षात्कार 

यह सर्वे बिहार के राजनीतिक परिदृश्य में दो स्पष्ट संदेश देता है पहला, जनता का रुझान युवा नेतृत्व तेजस्वी यादव की ओर बढ़ रहा है,और दूसरा, एनडीए का संगठित चुनावी तंत्र अभी भी जमीनी स्तर पर मज़बूत है।राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, अगर तेजस्वी यादव को सत्ता तक पहुंचना है, तो उन्हें कांग्रेस और वाम दलों के साथ तालमेल को और पुख्ता करना होगा।वहीं, नीतीश सम्राट चौधरी की जोड़ी और मोदी शाह की प्रचार रणनीति एनडीए के पलड़े को भारी बना रही है।