Bihar Vidhansabha Chunav 2025: चुनाव का बिगुल बजने से पहले बक्सर में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन,श्रद्धांजलि सभा के बहाने चुनावी तैयारी तेज
Bihar Vidhansabha Chunav 2025: पूर्व सांसद स्व. लालमुनि चौबे की 9वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा भाजपा के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक मंच बनने जा रही है। ...

Bihar Vidhansabha Chunav 2025: बक्सर में 2025 के विधानसभा चुनाव को लेकर तमाम राजनीतिक पार्टी के नेता पूरे दमखम के साथ अपनी सियासी जमीन तलाशने में लगे हैं। वहीं पूर्व सांसद स्व. लालमुनि चौबे की 9वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा भाजपा के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक मंच बनने जा रही है। इस कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की उपस्थिति को भाजपा के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। इनके साथ भाजपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, सांसद संजय जायसवाल और पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी भी मंच साझा करेंगे।
हालांकि, यह आयोजन आधिकारिक रूप से स्व. लालमुनि चौबे को श्रद्धांजलि देने के लिए हो रहा है, लेकिन बिहार में नजदीक आ रहे विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इसे भाजपा की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। बक्सर जिले की राजनीति में स्व. लालमुनि चौबे का गहरा प्रभाव रहा है, और उनकी पुण्यतिथि पर इतने बड़े नेताओं की मौजूदगी भाजपा के लिए जनाधार को मजबूत करने का एक प्रयास मानी जा रही है।
भाजपा ने अभी तक विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है, लेकिन इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठित करने और माहौल बनाने की कोशिश जरूर करेगी। मंच से पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ताओं में जोश भर सकते हैं और आगामी चुनावों के लिए दिशा निर्देश भी दे सकते हैं।
इस कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है। चूंकि राज्यपाल और उपराज्यपाल को "जेड प्लस" सुरक्षा प्राप्त है, इसलिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए पूरे इलाके पर निगरानी रखी जा रही है, और हेलिपैड से लेकर टाउन हॉल तक विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
कार्यक्रम के कारण बक्सर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा, जिनमें ज्योति चौक, डीएवी मोड़, अंबेडकर चौक और एलटीजे मोड़ शामिल हैं। प्रशासन ने आवश्यक सेवाओं के वाहनों को छूट दी है, लेकिन रेलवे यात्रियों को अपना टिकट साथ रखना अनिवार्य होगा।
बहरहाल इस आयोजन के राजनीतिक महत्व को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। भाजपा, जिसने अभी अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है, वह इस कार्यक्रम के जरिए जनता और कार्यकर्ताओं का मन टटोलने के साथ-साथ चुनावी लय भी पकड़ने की कोशिश कर सकती है। यह देखना दिलचस्प होगा कि इस श्रद्धांजलि सभा के मंच से भाजपा किन संकेतों के साथ अपने आगामी चुनावी अभियान की नींव रखती है।
रिपोर्ट- संदीप वर्मा