LATEST NEWS

Krishi Kalyan Yatra: CM नीतीश की प्रगति यात्रा के बाद अब डिप्टी सीएम का बिहार दौरा, इस दिन से 'कृषि कल्याण यात्रा' पर निकलेंगे नए कृषि मंत्री

Krishi Kalyan Yatra: सीएम नीतीश कुमार के प्रगति यात्रा के बाद डिप्टी सीएम विजय सिन्हा बिहार दौरे पर निकलने वाले हैं। नए कृृषि मंत्री बनने के बाद विजय सिन्हा कृषि कल्याण यात्रा पर निकलने वाले हैं।

Vijay Sinha
Vijay Sinha Krishi Kalyan Yatra- फोटो : social media

Krishi Kalyan Yatra: बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले एक और राजनीतिक यात्रा की घोषणा कर दी गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के समापन के बाद अब डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने ‘कृषि कल्याण यात्रा’ निकालने का ऐलान किया है। यह यात्रा बजट सत्र समाप्त होने के बाद शुरू होगी। बता दें कि बजट सत्र का समापन 28 मार्च को होगा। जिसके बाद विजय सिन्हा बिहार दौरे पर निकलेंगे। अपने बिहार दौरे का नाम विजय सिन्हा ने कृषि कल्याण यात्रा दिया है। 

नए कृषि मंत्री के रूप में पहली बड़ी पहल

गौरतलब है कि विजय सिन्हा ने हाल ही में कृषि विभाग का पदभार संभाला है। हाल ही में नीतीश कैबिनेट में विभागों का फेरबदल किया गया, जिसमें विजय सिन्हा से पथ निर्माण विभाग लेकर कृषि विभाग सौंपा गया। कृषि मंत्री बनने के एक दिन बाद ही उन्होंने कृषि कल्याण यात्रा का ऐलान कर दिया।

यात्रा के जरिए किसानों से सीधा संवाद

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कृषि भवन स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बजट सत्र समाप्त होने के बाद यात्रा का औपचारिक कार्यक्रम और नाम घोषित किया जाएगा। इस यात्रा के तहत वे किसानों से सीधे मिलकर उनकी समस्याओं को जानेंगे और सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर उतारने की कोशिश करेंगे। साथ ही किसानों को भौतिक, डिजिटल और सामाजिक आधारभूत संरचना प्रदान कर समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

बिहार में 75% आबादी कृषि पर निर्भर

विजय सिन्हा ने कहा कि कृषि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। किसान खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ग्रामीण विकास में अहम योगदान देते हैं। बिहार में 75% आबादी कृषि पर निर्भर है, जिनमें से 90% से अधिक छोटे और सीमांत किसान हैं। उन्होंने कहा, "मेरे लिए यह सौभाग्य की बात है कि मुझे समाज के 80% कृषि आधारित परिवारों की सेवा करने का अवसर मिला है।"

चुनावी साल में यात्राओं का दौर जारी

बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसको लेकर राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले ही ‘प्रगति यात्रा’ निकाल चुके हैं। 20 फरवरी को पटना में उनकी प्रगति यात्रा का समापन हुआ, जिसमें उन्होंने राज्य के सभी 38 जिलों का दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। अब डिप्टी सीएम विजय सिन्हा की ‘कृषि कल्याण यात्रा’ चुनावी माहौल को और गर्माने वाली है।

Editor's Picks