Bihar Election 2025: आधी रात को तेजस्वी से मिलने पहुंचे सूरजभान सिंह, राजद का थामा हाथ, आज पत्नी वीणा देवी अनंत सिंह के खिलाफ करेंगी नामांकन
Bihar Election 2025: सूरजभान सिंह आधी रात को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मिलने पहुंचे। तेजस्वी यादव ने उन्हें राजद की सदस्यता दिलाई। सूरजभान सिंह की पत्नी आज मोकामा से नामांकन कर सकती हैं।

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की सियासत गरमाई हुई है। एनडीए गठबंधन में जहां एक ओर सीटों के बंटवारे होने के बाद अब उम्मीदवारों का ऐलान हो रहा है तो वहीं दूसरी ओर महागठबंधन में अब तक सीट बंटवारा नहीं हुआ है। हालांकि बिना सीट बंटवारे के ही राजद और कांग्रेस अपने प्रत्याशियों को पार्टी सिंबल दे रहे हैं। कई सीटों पर मुकाबला काफी अहम माना जा रहा है। इस बार विधानसभा चुनाव में हॉट सीट मोकामा विधानसभा सीट रहेगा। जहां से मोकामा के पूर्व बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह चुनावी मैदान में हैं तो वहीं उनको टक्कर देने के लिए सूरजभान सिंह की पत्नी मैदान में उतरने वाली है। जानकारी अनुसार आज सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी मोकामा से नामांकन करेंगी।
आधी रात को तेजस्वी से मिले सूरजभान
दरअसल, बीते दिन अचानक सूरजभान सिंह ने पशुपति पारस के रालोजपा पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद देर रात वो तेजस्वी यादव ने मिलने राबड़ी आवास पहुंचे। जहां तेजस्वी यादव ने उन्हें राजद की सदस्यता दिलाई। माना जा रहा है कि सूरजभान सिंह को पार्टी सिंबल मिल गया है और आज उनकी पत्नी मोकामा से नामांकन करेंगी। तेजस्वी यादव से मुलाकात के बाद सुरजभान सिंह ने कहा कि आज उनकी पत्नी नामांकन करेंगी। वहीं मीडियाकर्मियों के सवालों से भी वो बचते दिखें।
राजद का थामा हाथ
सूरजभान सिंह ने कहा कि, एनडीए ने मेरे साथ जो भी किया वो आप सभी ने देखा ही। उन्होंने पहले रालोजपा पार्टी से इस्तीफा दिया और फिर राजद का हाथ थामा। राजद में शामिल होने को लेकर उन्होंने कहा कि वो महागठबंधन का टिकट नहीं काटना चाहते थे इसलिए उन्होंने शामिल होना सही समझा। उन्होंने ये भी कहा कि उनकी पत्नी वीणा देवी 16 अक्टूबर को नामांकन करेंगी। इसके पहले सूरजभान सिंह ने कहा कि,“मेरे लिए कोई पद मायने नहीं रखता। मैं स्वर्गीय रामविलास पासवान जी की विरासत को बचाने के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार हूं।”
आज पत्नी अनंत सिंह के खिलाफ करेगी नामांकन
गौरतलब हो कि, अनंत सिंह ने जदयू के टिकट पर मोकामा में नामांकन कर लिया है। वहीं आज सूरजभान की पत्नी भी नामांकन कर सकती हैं। बता दें कि, बिहार की सियासत में जातीय समीकरण और गठबंधन की चालें हमेशा निर्णायक रही हैं। ऐसे में सूरजभान सिंह का आरजेडी में शामिल होना न सिर्फ़ मोकामा सीट का समीकरण बदल सकता है, बल्कि पूरे महागठबंधन की चुनावी रणनीति में नई दिशा भी दे सकता है। चुनावी हवा अब और तेज़ होती दिख रही है, और बिहार की ज़मीन पर एक बार फिर “दिलचस्प दंगल” तय है।