Bihar Politics: सुबह सुबह सीएम हाउस पहुंचे उपेंद्र कुशवाहा, नीतीश कुमार को दी जीत की बधाई, मिलेगा खास पद

Bihar Politics: एनडीए को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद अब नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज है। इसी बीच उपेंद्र कुशवाहा सुबह सुबह सीएम नीतीश से मिलने सीएम आवास पहुंचे हैं।

उपेंद्र कुशवाहा
सीएम नीतीश से मिले कुशवाहा - फोटो : News4nation

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव का परिणाम सबके सामने है। एनडीए प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने में सफल रही। एनडीए को 202 सीट मिली है। वहीं अब सरकार बनाने की कवायद तेज हो गई है। गठबंधन में शामिल दलों की बैठकें जारी है। वहीं कई नेता सीएम नीतीश से भी मिल रहे हैं। बीते दिन जदयू के कई वरिष्ठ नेताओं ने सीएम नीतीश से मुलाकात की थी। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी सीएम नीतीश से मुलाकात की। वहीं आज सुबह सुबह राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा सीएम आवास पहुंचे हैं। 

सीएम नीतीश से मिलने पहुंचे कुशवाहा

दरअसल, बिहार में नई सरकार गठन की तैयारियों के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा रविवार को मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। जहां उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, यह मुलाकात सरकार गठन को लेकर अहम मानी जा रही है। दोनों नेताओं के बीच वर्तमान राजनीतिक स्थिति और आगामी रणनीति पर बातचीत जारी है।

सीएम को दी शुभकामनाएं 

मुख्यमंत्री से मिलने के पहले उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने जा रहा हूं। उन्हें जीत की बधाई देने जा रहा हूं। जनता ने प्रचंड बहुमत से हमारी सरकार बनाई है हम उन्हें शुभकामनाएं देने जा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो इस बार उपेंद्र कुशवाहा को भी बिहार सरकार में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी 6 सीटों पर चुनाव लड़ी जिसमें से 4 सीटों पर जीत दर्ज की। 

पत्नी को मिल सकता है मंत्रिमंडल में जगह!

सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता को नई सरकार के मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। दरअसल, सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार नई सरकार में जदयू और बीजेपी के बराबर मंत्री शामिल हो सकते हैं। 30 या 32 सदस्यीय मंत्रिमंडल की चर्चा तेज है। चिराग पासवान की पार्टी के भी तीन मंत्री शामिल हो सकते हैं। जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से भी 1-1 मंत्री बनाए जा सकते हैं। फिलहाल विधानसभा में मौजूदा संख्या को देखे तो अधिकतम 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं।