Delhi Vidhan Sabha Chunav Result 2025: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 27 साल के लंबे इंतजार के बाद दिल्ली विधानसभा में वापसी करती नजर आ रही है। शुरुआती रुझानों के मुताबिक, भाजपा 47 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि लगातार दो बार सरकार बनाने वाली आम आदमी पार्टी (आप) 23 सीटों पर सिमटती दिख रही है। कांग्रेस के लिए स्थिति और खराब नजर आ रही है, क्योंकि अब तक उसका खाता भी नहीं खुला है।
पीएम मोदी जाएंगे भाजपा कार्यालय
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा की इस बड़ी जीत का जश्न प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मनाएंगे। सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी आज शाम करीब 6 बजे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। खास बात यह है कि वह यह संबोधन भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में नहीं, बल्कि दिल्ली भाजपा के दफ्तर में करेंगे। इसके लिए तैयारियां जोरों पर हैं। गौरतलब है कि भाजपा का यह क्षेत्रीय कार्यालय पंडित पंत मार्ग पर स्थित है।
बीजेपी में जश्न का माहौल
वोटों की गिनती के दौरान निर्णायक बढ़त हासिल होते ही भाजपा मुख्यालय में जश्न का माहौल बन गया। पार्टी समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ नाच-गाना किया और भगवा झंडे लहराए। कई कार्यकर्ताओं ने भाजपा के चुनाव चिह्न ‘कमल’ के कटआउट पकड़कर खुशी जताई और एक-दूसरे को गुलाल लगाया।
27 साल बाद बनेगी बीजेपी की सरकार
भाजपा की शानदार बढ़त पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भरोसा जताया कि भाजपा राजधानी में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री भाजपा से होगा, और इस संबंध में अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व लेगा। कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने मीडिया से कहा, "अब तक के नतीजे हमारी उम्मीदों के अनुरूप हैं, लेकिन हम अंतिम परिणाम का इंतजार करेंगे।"