Health News: नाक से खून, हड्डियां कमजोर और दिल पर खतरा! विटामिन K की कमी बन सकती है साइलेंट किलर,पढ़िए डॉक्टर रोहित की सलाह
Health News: IGIMS के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रोहित उपाध्याय के मुताबिक, विटामिन K की कमी खामोश तरीके से जिस्म को अंदर से कमजोर कर सकती है।...
Health News: हमारी जिस्मानी मशीनरी को दुरुस्त रखने के लिए कई विटामिन्स की दरकार होती है। आमतौर पर लोग विटामिन A, B, C और D की चर्चा करते हैं, लेकिन एक अहम किरदार अक्सर नजरअंदाज हो जाता है-विटामिन K। IGIMS के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रोहित उपाध्याय के मुताबिक, इस विटामिन की कमी खामोश तरीके से जिस्म को अंदर से कमजोर कर सकती है।
डॉ. उपाध्याय बताते हैं कि विटामिन K एक फैट में घुलने वाला विटामिन है, जो कई जरूरी प्रोटीन को एक्टिव करता है। सबसे अहम भूमिका यह खून के थक्के (ब्लड क्लॉट) बनाने में निभाता है। अगर जिस्म में इसकी कमी हो जाए तो मामूली चोट पर भी ज्यादा ब्लीडिंग हो सकती है। बार-बार नाक से खून आना, मसूड़ों से खून बहना या बिना वजह शरीर पर नीले निशान पड़ना इसके अहम अलामात हैं।
विटामिन K हड्डियों की सेहत का भी पासबान है। यह ऑस्टियोकैल्सिन नामक प्रोटीन को सक्रिय करता है, जो कैल्शियम को हड्डियों से जोड़ने में मदद करता है। इसकी कमी से कैल्शियम का सही इस्तेमाल नहीं हो पाता और हड्डियां अंदर ही अंदर खोखली होने लगती हैं। आगे चलकर ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारी का खतरा बढ़ जाता है, जिसमें हल्की चोट या गिरावट पर भी फ्रैक्चर हो सकता है।
दिल की सेहत में भी विटामिन K का किरदार अहम है। यह धमनियों में कैल्शियम के बेवजह जमाव को रोकता है। कमी होने पर कैल्शियम धमनियों की दीवारों में जमा होकर उन्हें सख्त बना सकता है, जिससे ब्लड फ्लो प्रभावित होता है और हार्ट डिजीज का रिस्क बढ़ जाता है।
नवजात शिशुओं में इसकी अहमियत और बढ़ जाती है। जन्म के समय बच्चों के शरीर में विटामिन K का स्तर कम होता है, जिससे “हेमरेजिक डिजीज ऑफ द न्यूबॉर्न” जैसी गंभीर हालत पैदा हो सकती है। इसी वजह से जन्म के तुरंत बाद विटामिन K का इंजेक्शन दिया जाता है, ताकि आंतरिक ब्लीडिंग का खतरा टाला जा सके। डॉ. रोहित उपाध्याय सलाह देते हैं कि डाइट में हरी पत्तेदार सब्जियां पालक, ब्रोकोली, सरसों का साग और लेट्यूस शामिल करें। विटामिन K2 के लिए फर्मेंटेड सोया, चीज और अंडे की जर्दी फायदेमंद हैं। कमी गंभीर हो तो डॉक्टर से मशविरा जरूर लें।