Health tips:जहरीली हुई हवा, फेफड़ा-दिल-दिमाग पर मंडरा रहा बड़ा खतरा, डॉक्टर ने दी ये चेतावनी

पटाखों से निकलने वाला धुआं और हवा में घुले बारीक जहरीले कण सांस की परेशानी, आंखों में जलन, एलर्जी और दिल से जुड़ी समस्याओं को बढ़ा सकते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमार लोगों पर पड़ता है।

Health tips:जहरीली हुई हवा, फेफड़ा-दिल-दिमाग पर मंडरा रहा बड
सेहत का रखें खास ध्यान- फोटो : Hiresh Kumar

Health tips: दीपावली के बाद बढ़ता वायु प्रदूषण सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। पटाखों से निकलने वाला धुआं और हवा में घुले बारीक जहरीले कण सांस की परेशानी, आंखों में जलन, एलर्जी और दिल से जुड़ी समस्याओं को बढ़ा सकते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमार लोगों पर पड़ता है। हालांकि, प्रदूषित हवा का असर स्वस्थ लोगों की सेहत पर भी हो सकता है। ऐसे में त्योहार की रौनक के बाद अपनी सेहत की हिफाजत करना बेहद जरूरी है।

सांस की बीमारी और अस्थमा के मरीज रहें सतर्क

पटाखों से निकलने वाला धुआं और हवा में मौजूद PM2.5 जैसे बेहद बारीक कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच जाते हैं। इससे खांसी, गले में खराश, सीने में जकड़न और सांस लेने में तकलीफ हो सकती है। अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों की परेशानी बढ़ने का खतरा भी रहता है।ऐसे मरीज अपनी नियमित दवाएं और इनहेलर डॉक्टर की सलाह के मुताबिक इस्तेमाल करें। प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर सुबह-शाम टहलने से बचें। जरूरी काम से बाहर निकलना पड़े तो अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क पहनें।

दिल और दिमाग पर भी पड़ सकता है असर

प्रदूषण केवल फेफड़ों को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि इसका असर दिल और रक्त वाहिकाओं पर भी पड़ सकता है। हवा में मौजूद प्रदूषक कणों के संपर्क में आने से सिरदर्द, थकान और चक्कर जैसी परेशानियां हो सकती हैं। पहले से हृदय रोग और हाई ब्लड प्रेशर से जूझ रहे लोगों को खास एहतियात बरतने की जरूरत है।वरीय चिकित्सक डॉ. रोहित उपाध्याय के मुताबिक, प्रदूषण के स्तर को ध्यान में रखकर ही बाहर टहलने और व्यायाम करने का समय तय करना चाहिए। पर्याप्त पानी पीना और घर के भीतर धुएं से बचना भी जरूरी है। सीने में दर्द, सांस लेने में अत्यधिक परेशानी या अचानक चक्कर आने पर फौरन चिकित्सकीय मदद लें।

चिकित्सक की सलाह

आईजीआईएमेस के प्रोफेसर डॉ रोहित उपाध्याय ने बताया कि  दीपावली के बाद घर के भीतर प्रदूषण और धूल के बारीक कण जमा हो सकते हैं। 

इनसे बचने के लिए कुछ जरूरी उपाय अपनाए जा सकते हैं। घर में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें। फर्श और फर्नीचर की सफाई गीले कपड़े से करें। प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर खिड़की-दरवाजे बंद रखें। बच्चों और बुजुर्गों को अनावश्यक बाहर जाने से रोकें। आंखों में जलन होने पर साफ पानी से धोएं। धूम्रपान से पूरी तरह दूरी बनाए रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और संतुलित खानपान रखें।

बच्चों और बुजुर्गों की सेहत का रखें खास ख्याल

आईजीआईएमेस के प्रोफेसर डॉ रोहित उपाध्याय ने बताया कि बच्चों के फेफड़े विकसित हो रहे होते हैं, जबकि बुजुर्गों की रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कमजोर हो सकती है। ऐसे में प्रदूषित हवा उनके लिए ज्यादा नुकसानदेह साबित हो सकती है। गर्भवती महिलाओं को भी खराब वायु गुणवत्ता के दौरान विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

 दीपावली की खुशियों के बाद सेहत की हिफाजत सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। मास्क का इस्तेमाल, साफ-सफाई, पर्याप्त पानी और प्रदूषण के दौरान बाहरी गतिविधियों में कमी जैसे छोटे कदम काफी मददगार हो सकते हैं। सांस लेने में परेशानी या अन्य गंभीर लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय पर डॉक्टर से सलाह लें।