मोकामा और लखीसराय में विजय सिन्हा का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं ने लगाए नारे- 'बिहार का सीएम कैसा हो, विजय सिन्हा जैसा हो...'
 
                    पटना. बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा आज मोकामा और लखीसराय में दौरे पर आये। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजय सिन्हा का जमकर स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में नारेबाजी भी की है। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बिहार का अगला सीएम भी बता दिया। कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए कहा, बिहार का सीएम कैसा हो, विजय सिन्हा जैसा हो।
बता दें कि बीते एक महीने पहले वे एनडीए की सरकार में बिहार विधानसभा का आध्यक्ष थे, लेकिन बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद उन्हें यह पद छोड़ना पड़ा। उन्होंने पद से इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार और महागठबंधन सरकार पर जमकर निशाना साधना शुरू किया है। उन्होंने नीतीश कुमार पर जनादेश का अपमान करने के आरोप लगाया था।
हालांकि विधानसभा के अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद भाजपा ने उन्हें बिहार विधानमंडल का नेता चुना। साथ ही उन्हें बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्षी की भी जिम्मेदारी दी गयी है। नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद सीएम नीतीश, डिप्टी सीएम तेजस्वी और सरकार पर विजय सिन्हा का आक्रमक रूख और भी तीखा हो गया है। अब उनके पक्ष में बिहार के सीएम बनने की नारेबाजी की गयी है।
 
                 
                 
                 
                 
                 
                                         
                                         
                             
                             
                     
                     
         
                     
                     
                     
                    