बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

अब कांग्रेस ने तेजस्वी यादव को दिखाई आंख, कहा-हमें कमजोर न समझें चाहिए सम्मानजनक सीटें....

अब कांग्रेस ने तेजस्वी यादव को दिखाई आंख, कहा-हमें कमजोर न समझें चाहिए सम्मानजनक सीटें....

Patna : बिहार विधान सभा चुनाव में मुख्य लड़ाई एनडीए और महागठबंधन के बीच होनी है। लेकिन सत्ताधारी एनडीए को टक्कर देने से पहले ही महागठबंधन बिखरता नजर आ रहा है। महागठबंधन में सीटों को लेकर तनातनी जारी है। महागठबंधन में शामिल रहे जीतन राम मांझी की पार्टी सीटों को लेकर जहां पहले ही अलग हो गई थी, वहीं उपेन्द्र कुशवाहा के साथ भी  सीटों को लेकर तालमेल नहीं बन पाई है। वहीं अब कांग्रेस ने राजद को आंख दिखाई है। कांग्रेस ने कहा है कि राजद हमें कमजोर नहीं समझे, कांग्रेस को सम्मानजनक सीट चाहिए।  

दरअसल आज बिहार कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में बिहार चुनावों के लिए गठित कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमिटी के अध्यक्ष अविनाश पांडेय तथा दोनों सदस्य काजी निजामुद्दीन एवं देवेंद्र यादव का आगमन हुआ। 

बिहार चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमिटी की दो दिवसीय बिहार यात्रा बेहद महत्वपूर्ण है। स्क्रीनिंग कमिटी के अध्यक्ष और दोनों सदस्यों का पटना एयरपोर्ट पर पूर्वाह्न 11:20 में आगमन हुआ। उसके बाद सीधे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में उनका अभिनन्दन समारोह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा द्वारा मिथलांचल के पाग और पुष्पगुच्छ से किया गया।

स्क्रीनिंग कमिटी की दो दिवसीय बिहार यात्रा में पहली बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा, चारों कार्यकारी अध्यक्ष विधान पार्षद समीर कुमार सिंह, श्याम सुंदर सिंह धीरज, विधायक डॉ अशोक कुमार, कौकब कादरी, कांग्रेस विधानमंडल के नेता सदानन्द सिंह, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष राज्यसभा सांसद डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह के साथ गोपनीय मन्त्रणा हुई। 

इसके बाद दूसरी बैठक कांग्रेस प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों और सभी प्रकोष्ठों- विभागों के अध्यक्षों के साथ लम्बी बैठक हुई। सन्ध्या 4 बजे से सभी सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों के साथ पार्टी के मजबूती और चुनावी तैयारियों के बाबत बातचीत हुई। देर शाम प्रदेश चुनाव समिति की बैठक का आयोजन हुआ।

आज हुई मैराथन बैठकों में बिहार स्क्रीनिंग कमिटी के अध्यक्ष अविनाश पांडेय ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों में अपने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी में जुटने को कहा है। ससम्मान सीटों के बंटवारे के बाद महागठबंधन मजबूती से चुनाव में उतरेगी। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय बिहार यात्रा में पार्टी सभी संभावित सीटों पर अपने उम्मीदवारों की स्क्रूटनी करेगी। साथ ही पार्टी के अधिक जनाधार वाले सीटों पर सम्भावनायें टटोलेगी।

वहीं प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने कहा कि बिहार क्रांति महासम्मेलन की वर्चुअल रैली में पार्टी ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी मजबूत उपस्थिति दिखाई। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्क्रीनिंग कमिटी के अध्यक्ष और सदस्यों ने बिहार चुनाव में कांग्रेस के सभी संभावित परिस्थितियों का आकलन किया और संगठन के सभी फ्रंट और सीटों पर कार्यकर्ताओं को मजबूती से चुनावी तैयारी में जुटने पर जोर दिया।

बिहार स्क्रीनिंग कमिटी के सदस्य और हरिद्वार से तीन बार से विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि ये यात्रा बिहार में आगामी चुनावों में पार्टी के स्थिति के आकलन और जमीनी स्थिति का पता लगाना है। बिहार में पार्टी मज़बूती से चुनाव लड़ेगी।

हरियाणा से पार्टी के विधायक और बिहार स्क्रीनिंग कमिटी के सदस्य देवेंद्र यादव ने कहा कि बिहार के चुनावों की तिथि घोषित हो चुकी है और बिहार कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का जोश ये बताने को काफी है कि बिहार में हमारे दल की स्थिति काफी मजबूत है। पार्टी इस बार पहले से ज्यादा सीटों पर चुनावी तैयारी करेगी और गठबंधन की स्थिति तय होने के बाद चुनावों में मजबूती से जनता के बीच जाएगी।

विधानमंडल के नेता सदानन्द सिंह ने कहा कि कांग्रेस आगामी चुनावों में मजबूती के साथ लड़ेगी। गठबंधन में सीट शेयरिंग के बाद स्थिति स्पष्ट होते ही उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी।

बिहार चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि पार्टी के स्क्रीनिंग कमिटी के चेयरमैन और सदस्यों की यह पहली बैठक है। इसमें सभी कांग्रेसजन के साथ अलग-अलग बैठकों का आयोजन हुआ। पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी तैयारियों की समीक्षा भी की।

बैठक में गणमान्य वरिष्ठ नेताओं के अलावे पार्टी के विधायकों, विधान पार्षदों, प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों, पार्टी के महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, छात्र संगठन, कांग्रेस सेवादल के साथ  सभी विभागों के चेयरमैन ने हिस्सा लिया।


Suggested News