बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

अमित शाह ने किया खुला ऐलान, देश में अगले 30 -40 साल तक रहेगा भाजपा का राज और भारत बनेगा विश्व गुरु

अमित शाह ने किया खुला ऐलान, देश में अगले 30 -40 साल तक रहेगा भाजपा का राज और भारत बनेगा विश्व गुरु

DESK. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि अगले 30-40 साल तक भाजपा का युग रहेगा और भारत ‘विश्वगुरु' बनेगा। यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के दौरान पारित राजनीतिक प्रस्ताव पर अपनी बात रखते हुए शाह ने विपक्षी दलों को बिखरा हुआ बताया और कांग्रेस पर करारा हमला करते हुए कहा कि देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी में लोकतंत्र स्थापित करने के लिए उसके ही सदस्य लड़ रहे है लेकिन ‘गांधी परिवार' डर के कारण अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं करा रहा है। उन्होंने कहा कि अगले 30-40 साल तक उनकी पार्टी भाजपा का युग रहेगा तथा भारत ‘विश्वगुरु' बनेगा। 

शाह के संबोधन से जुड़े अंशों को मीडिया से साझा करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने संवाददाताओं को यह जानकारी दी। उनके मुताबिक, शाह ने राजनीति में जातिवाद, वंशवाद और तुष्टीकरण को ‘बहुत बड़ा अभिशाप' बताया और कहा कि देश को इतने साल तक जिन समस्याओं का सामना करना पड़ा, उसकी जड़ में यही सब थे। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस को 'मोदी फोबिया' हो गया है। वह देशहित के हर निर्णय का विरोध करने लगी है।' शाह ने अपने संबोधन के दौरान गुजरात दंगों पर उच्चतम न्यायालय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिली क्लीन चिट का उल्लेख किया और इसे ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि राजनीति से प्रेरित इस मामले के खिलाफ मोदी ने 19 साल तक लड़ाई लड़ी लेकिन एक शब्द भी नहीं कहा। 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि वहीं दूसरी तरफ प्रर्वतन निदेशालय द्वारा उनसे हुई पूछताछ के दौरान कांग्रेस नेताओं ने विरोध प्रदर्शन कर ‘ड्रामा’ किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा तेलंगाना और पश्चिम बंगाल में परिवारों के शासन को हराएगी और आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु और उन सभी राज्यों में भी सत्ता में आएगी, जहां पार्टी की स्थिति कमजोर है। सरमा ने कहा कि बैठक में यह ‘‘सामूहिक उम्मीद'' दिखी कि भाजपा का अगले दौर का विकास दक्षिण भारत से होगा। सरमा के मुताबिक, शाह ने हाल के विधानसभा और अन्य स्थानीय चुनावों में भाजपा को मिली जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि ये नतीजे विकास और बेहतर प्रदर्शन की राजनीति पर जनता की मुहर को दर्शाते हैं। शाह द्वारा पेश इस राजनीतिक प्रस्ताव का समर्थन सरमा और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने किया। प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ।


Suggested News