बिहार के एक और लाल ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, बिहारशरीफ का जगदीप 150 देशों के लिए बना चर्चा का विषय

NALANDA: कहते हैं शौक जब जुनून बन जाता है तब सफलता कदम चूमती है। ऐसी ही सफलता बिहारशरीफ के भरावपर मोहल्ला निवासी वकील जगदीप नारायण कुमार को मिली है। सिक्कों व नोटों के जमा करने के उनके शौक ने उन्हें दुनियाभर में नई पहचान दिलायी है। इन्फ्लुएंसर बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने उन्हें मान्यता दी है और जयपुर में उन्हें सर्टिफिकेट देकर नवाजा गया। 

इस तरह, जगदीप ने वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उनके पास 150 से अधिक देशों के सिक्के व 50 से अधिक देशों के नोट जमा हैं। इसके अलावा मुगलकालीन व अंग्रेजों के समय के दुर्लभ भारतीय नोटों व सिक्कों का बड़ा खजाना उनके पास जमा है। उन्हें नोट व सिक्के जमा करने का शौक 12 साल की उम्र से ही है। 

ऑनलाइन किया था आवेदन

उन्होंने बताया कि उनके पास नोटों व सिक्कों का बड़ा कलेक्शन है। रिकॉर्ड बनाने के लिए उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन के बाद सूचना दी गयी कि उन्हें वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए चुना गया है। इसके बाद 18 मई को जयपुर में उन्हें सम्मानित किया गया। रिकॉर्ड के लिए आवेदन करने वालों में कई देशों के लोग शामिल थे।

Nsmch
NIHER

परिवार व दोस्तों ने किया सहयोग

बचपन में वह अक्सर अखबार या पत्रिकाओं में कीर्तिमानों के बारे में पढ़ते थे। उसी वक्त से उनके मन में भी कीर्तिमान बनाने का ख्याल आया। 12 साल की उम्र से वह सिक्के व नोट जमा करने लगे। परिवार व दोस्तों ने सहयोग किया। कुछ सिक्के व नोटों के लिए उन्हें अपनी जेब से रुपये खर्च करने पड़े। दूर-दूर की यात्राएं भी करनी पड़ीं। आखिरकार, उनकी मेहनत रंग लायी। उन्होंने युवाओं से इसी तरह कुछ नया करने व अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उनकी सफलता से पत्नी रिंपल कुमारी, पुत्र राजदीप व पुत्री राजलक्ष्मी की खुशी का ठिकाना नहीं है। शुभचिंतक उन्हें बधाई दे रहे हैं।