बड़ी खबर : सिवान के पूर्व सांसद ओमप्रकाश यादव के घर पर हमला, स्थानीय लोगों के जुटने पर फरार हुए अपराधी

Siwan : जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां बीजेपी के पूर्व सांसद ओमप्रकाश यादव के घर पर कुछ अपराधियों द्वारा हमला किया गया है। हालांकि स्थानीय लोगों के जुट जाने से अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम नहीं दे पाये। 

इस बात की जानकारी खुद सांसद ने मीडिया को दी है। ओमप्रकाश यादव ने बताया कि बीते 6 सितंबर की देर रात शहर के महादेवा थाना क्षेत्र के नई बस्ती स्थित उनके आवास पर अपराधियों द्वारा तेजाब फेंकने का प्रयास किया गया। हालांकि स्थानीय लोगों के जुट जाने और  शोर मचाने से वे अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाये और मौके से फरार हो गये। 

पूर्व सांसद ने बताया कि घटना के दौरान वे अपने आवास पर नहीं थे। उन्होंने बताया कि घटना के चार दिन पहले से ही अपने लहेजी गांव में केन्द्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय के होने वाले कार्यक्रम को लेकर व्यस्त थे। 

ओमप्रकाश यादव ने सिवान एसपी पर भी बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वे सिवान एसपी को फोन लगाते रह गये, लेकिन एसपी ने फोन रिसिव नहीं किया। 

सिवान से विजय की रिपोर्ट