KAIMUR : 60 साल की उम्र में एक व्यक्ति को प्रेम हो गया। युवती की आशिकी में इस कदर डूब गए कि उन्होंने अपनी पूरी जमीन जायदाद उसके नाम करने के लिए भी तैयार हो गए। लेकिन बुजुर्ग पिता की आशिकी उनके बेटे को पसंद नहीं आई और उसने ऐसा कदम उठा लिया कि अब गांववालों के साथ पुलिस भी हैरान रह गई।
मामला कैमूर के भगवानपुर थाना के कसेर गांव से जुड़ा हुआ है। जहां रहनेवाले कोमल पांडेय (60) का अनुसूचित जाति की एक महिला से प्रेम संबंध चल रहा था। उसके चक्कर में फंसकर उसके नाम से कोमल पांडेय ने करीब ढाई बीघा जमीन लिख दिया था। इस बात से बड़ा पुत्र माला पांडेय काफी नाराज रहता था। उसने पिता को काफी समझाया लेकिन काेमल पांडेय पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। पिता ने कहा कि उनकी संपत्ति हैं वे चाहे जो करें।
पिता की बात से नाराज होकर लिया फैसला
पिता की बात बेटे माला पांडेय को यह बात नागवार गुजरी। गुस्से में उसने पिता को गोली मार दी। गोली मुंह में लगने से घटनास्थल पर ही कोमल पांडेय की मौत हो गई।इस घटना की जांच के लिए पहुंची पुलिस ने शुरुआत में जमीन विवाद से जुड़ा मामला माना। लेकिन सच्चाई सामने आने के बाद वह खुद भी हैरान रह गई। जांच के दौरान पुलिस ने मौके से से छह गोलियां व एक बंदूक बरामद किया। हालांकि जिस हथियार से गोली मारी गई वह पुलिस बरामद नहीं कर सकी है। माला पांडेय भी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार रोशन ने बताया कि पुलिस छापेमारी कर रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार लिया जाएगा।इधर गांव में दूसरे दिन भी दबी जुबान लोग इस घटना की चर्चा करते रहे। लोगों का कहना है कि माला पांडेय को इतना जघन्य कदम नहीं उठाना चाहिए था।